रा.प्रा.वि. थापला गैड में कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का हुआ आयोजन

1 min read

मसूरी। मसूरी से सटे जौनपुर विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय थापला गैड में कक्षा पाँच के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद छोटे बच्चों ने नृत्य, गीत और नाटक प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ बिताए गए सुनहरे पलों को याद करते हुए उन्हें आशीर्वचन दिए। कक्षा पाँच के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों की माताओं को आमंत्रित किया गया। बच्चों ने अपने माताओं के साथ विभिन्न गतिविधियों की। विद्यालय के शिक्षक सूर्य सिंह पंवार ने कहा कि विद्यालय जीवन का हर पल यादगार होता है, लेकिन कक्षा पाँच का विदाई समारोह एक ऐसा अवसर है, जो भावनाओं से भरा होता है। यह दिन न केवल एक कक्षा के अंत का प्रतीक है, बल्कि नए जीवन की शुरुआत का भी संकेत देता है। इस समारोह में विद्यालय का वातावरण हर्ष और विषाद दोनों से भरा हुआ है। एक ओर बच्चों ने अपने प्यारे विद्यालय और मित्रों के साथ बिताए पलों को याद किया, तो दूसरी ओर वे अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने के लिए उत्साहित भी दिखे। खेल-कूद, पढ़ाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की यादें हमेशा उनके दिलों में जीवित रहेंगी। विदाई के इस क्षण में आँखें नम थीं, लेकिन दिल में नई उम्मीदें भी थीं। पूर्व छात्र नीरज ने कहा कि हम अपने शिक्षकों, प्रधानाचार्य और माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें हर कदम पर सहयोग और प्रेरणा दी। विद्यालय के शिक्षक सूरत सिंह राणा के द्वारा कक्षा पांच का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि हम अपने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हैं।  कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीनाक्षी कोठारी, सुचिता पंवार ने भी विद्यालय परिवार की माताओं के साथ प्रतिभाग किया।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.