सभासद ने पालिका ईओ को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग

मसूरी। नगर पालिका सभासद गीता कुमाई ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को तीन मांग पत्र देकर समस्याओं के समाधान की मांग की है ताकि शहर के नागरिकों की समस्याओं का समाधान हो सके व शहर स्वच्छ रह सके।
पालिका सभासद गीता कुमाई ने पहले ज्ञापन में मांग की कि मालरोड स्थित गर्ग डिसपेंसरी स्थल पर बाउंड्री वॉल लगायी जाय। ज्ञापन में कहा गया कि गर्ग डिस्पेसरी स्थल की बाउंड्री वॉल वर्तमान में क्षतिग्रस्त होने से मालरोड की गरिमा प्रभावित हो रही है, वहीं स्थल की सुरक्षा के लिए व अतिक्रमण से बचाने के लिए बाउड्री वॉल लगायी जाना जरूरी है। वहीं दूसरे ज्ञापन में मांग की गयी है कि मालरोड के अंदर रहने वाले निवासियों को प्रतिबंधित समय में एक बार प्रवेश की अनुमति दी जाय ताकि वे अपने निवास स्थान तक पहुंच सके। ज्ञापन में कहा गया कि 23 मार्च से मालरोड के अंदर निवास करने वाले परिवारों को प्रतिबंधित समय में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है व बैरियरों पर रोका जा रहा है जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जिनके आवास मालरोड के अंदर है उन्हें प्रतिबंधित समय में एक बार प्रवेश की अनुमति दी जाय। तीसरे ज्ञापन में मांग की गयी कि मालरोड सहित नगर क्षेत्र में कूडेदान की समुचित व्यवस्था की जाय। तथा स्वच्छता हेतु साईन बोर्ड लगाया जाय। ज्ञापन में कहा गया कि नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से शिकायत आ रही है कि कई स्थानों से डस्टबिन हटाये जा रहे है या पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नही है, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को कूडा निस्तारण में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ किया जाना जरूरी है ताकि स्वच्छ मसूरी के उददेश्य को सार्थक किया जा सके।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.