मसूरी में धरना प्रदर्शन के लिए निश्चित स्थान चयनित किया गया

मसूरी। शहर के विभिन्न स्थानों पर धरना प्रदर्शन करने वालों के लिए अब कैमल बैक रोड पर हेमवती नंदन बहुगुणा पार्क का चयन नगर प्रशासन, नगर पालिका व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी की संयुक्त टीम ने किया  है, ताकि आने वाले समय में सभी धरना प्रदर्शन वहां पर किए जायेंगे।
इस संबंध में एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने आदेश किया है जिसमे कहा गया है कि पर्यटक स्थल मसूरी में धरना प्रदर्शन करने हेतु वैकल्पिक स्थल के चयन के लिए नायब तहसीलदार, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी व प्रभारी निरीक्षक की संयुक्त टीम बनायी गयी जिसने सर्व सम्मति से कैमल बैक रोड स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा पार्क का चयन किया है। ताकि सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था बनी रहे इसके लिए यह स्थल उपयुक्त पाया गया है। इस स्थल पर प्रदर्शनकारियों के लिए खुला स्थल है, तथा वहां पर सुरक्षा बलों के प्रबंधन हेतु अनुकूल, भौगोलिक स्थित होने व भविष्य में किसी बडे जमावड़े को नियंत्रित करने के लिए सामरिक दृष्टि से श्रेष्ठ होने की संस्तुति की गयी। वहीं संस्तुति का परीशीलन किया गया तथा मसूरी में विभिन्न व्यक्तियों के द्वारा धरना प्रदर्शन आदि वैकल्पिक स्थल का चयन किया जाना पर्यटक स्थल हेतु नितांत आवश्यक है। जिसके आधार पर गठित समिति के द्वारा प्रस्तुत संस्तुति को स्वीकार किया जाता है। मसूरी कैमल बैक रोड स्थित हवा घर को तत्काल प्रभाव से धरना प्रदर्शन के लिए अधिकृत स्थल के रूप में चयनित किया जाता है। एसडीएम के आदेश की सूचना जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, क्षेत्राधिकारी मसूरी, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, व जिला सूचना अधिकारी को प्रेषित किया गया है।
वहीं नगर पालिका सभासद गीता कुमाई ने उप जिलाधिकारी मसूरी को ज्ञापन देकर कैमल बैक रोड हवा घर पर धरना प्रदर्शन स्थल घोषित किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने अवगत कराया कि कैमल बैक रोड एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां स्थानीय नागरिक, पर्यटक एवं वरिष्ठ नागरिक नियमित रूप से भ्रमण हेतु आते हैं, तथा संबंधित हवा घर में विश्राम भी करते हैं। मार्ग की वर्तमान जर्जर स्थिति पहले से ही सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक है। पर्यटन सीजन की शुरूआत भी हो चुकी है। जिसमें देश विदेश के लोग शामिल होते हैं। ऐसी स्थिति में इस संवेदनशील स्थल  को धरना प्रदर्शन हेतु चिन्हित करना ना तो व्यावहारिक है और ना ही जन सुविधा एवं सुरक्षा के अनुरूप है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.