पर्यटकों ने बड़ी संख्या में मसूरी पहुंचकर यहां के सुहाने मौसम का आनंद लिया
मसूरी। पर्यटन नगरी में वीक एंड व गुड फ्राइडे का अवकाश होने पर बड़ी संख्या में पर्यटकों ने मसूरी की शांत वादियों में आकर यहां के सुहाने मौसम का आनंद लिया व प्राकृतिक सौदर्य को देख अभीभूत हुए। पर्यटकों के आने से व्यवसायियों के चेहरे खिल गये। वहीं मसूरी व आस पास के पर्यटक स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुचने से सभी स्थल गुलजार रहे वहीं मालरोड पर पर्यटकों की चहल कदमी से रौनक लौट आयी।
पर्यटन नगरी मसूरी में वीक एंड, अवकाश के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी आये व दिन भर पर्यटकों के आने का सिलसिला चलता रहा। मसूरी पहुंच कर पर्यटकों ने मसूरी के प्राकृतिक सौंदर्य व यहां के खुशगवार मौसम का आनंद लिया। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन पहाड़ों में बर्फबारी होने से मसूरी का मौसम हल्की ठंड से सुहाना हो रखा है। जब पर्यटक यहां आता है तो वह यहां के मौसम का मुरीद हो जाता है। जिसका आनंद पर्यटकों ने जमकर लिया व बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीददारी की। पहाड़ों की रानी पहुंचे पर्यटकों की भीड बढने से व्यवसायियों के चेहरों पर रौनक आ गयी। हालांकि गैस की तंगी होने से खास कर रेस्टोरेंट व ढाबे वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन वे अन्य संसाधनों से पर्यटकों को लजीज व्यंजन परोस रहे है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि मसूरी में गुड फ्राईडे के अवकाश के साथ वीकएंड होने पर अच्छी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे है व करीब 80 प्रतिशत होटल पैक हो रखे है। पर्यटकों ने मसूरी व आस पास के पर्यटक स्थलों का आनंद लिया जिसमें कैपटी फॉल, धनोल्टी, सुरकंडा, गन हिल, अटल उद्यान, लंढौर लाल टिब्बा सहित मालरोड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही रही। मालरोड पर शाम के समय अच्छी भीड होने से व्यवसायियों को इसका लाभ मिला वहीं पर्यटकों ने गुलाबी ठंड के बीच मालरोड पर चहल कदमी की व मसूरी से देहरादून के विहंगम दृश्य का आनंद लिया। पर्यटकों की भीड़ बढने से टैक्सी चालकों, रिक्शा चालकों, रैटल स्कूटी संचालकों, सहित बाजार के व्यवसायियों, रेस्टोरेंट वालों व होटल वालों को इसका लाभ मिला। कानपुर से आये पर्यटक प्रभात कुमार ने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी शुरू हो चुकी है जिस कारण वह परिवार के साथ मसूरी आये व यहां का मौसम देख कर आनंद आ गया। मसूरी में अप्रैल के महीने में अच्छी ठंड होने से उन्हें गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं लेकिन जो अपेक्षा थी उससे कहीं अधिक अच्छा लगा व यहां के पर्यटक स्थलों व प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।
