बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच डटे सुरक्षा प्रहरी
1 min read
रुद्रप्रयाग। जनपद के निचले इलाकों में झमाझम हल्की बारिश और बाबा केदार के पावन धाम में ताजा बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। कड़ाके की ठंड और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी सुरक्षा का संकल्प अटूट बना हुआ है। केदारनाथ धाम में शून्य से नीचे गिरते तापमान और लगातार हो रही बर्फबारी के बीच रुद्रप्रयाग पुलिस एवं आईटीबीपी के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
धाम क्षेत्र में तैनात जवान प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिन-रात चौकसी कर रहे हैं। बर्फबारी और ठंड के बीच भी जवानों का उत्साह और सेवा भावना किसी भी तरह कम नहीं हो रही है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ धाम जैसे दुर्गम और अत्यधिक ठंडे क्षेत्र में तैनात पुलिस और आईटीबीपी के जवानों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवान पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ ड्यूटी कर रहे हैं, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और जवान हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
