वसंतोत्सव में आर्ट गैलरी और फोटो प्रदर्शनी का राज्यपाल ने किया अवलोकन

1 min read

देहरादून। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित वसंतोत्सव के अवसर पर आर्ट गैलरी और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तीन दिवसीय प्रदर्शनी में चित्रकारों द्वारा विविध विषयों पर आधारित आकर्षक चित्रों का प्रदर्शन किया गया, वहीं फोटोग्राफरों द्वारा प्राकृतिक सौंदर्य, जीव-जंतुओं तथा अन्य विषयों पर आधारित सुंदर छायाचित्र प्रदर्शित किए गए। राज्यपाल ने कलाकारों और फोटोग्राफरों से संवाद कर उनकी प्रतिभा की सराहना की तथा कई चित्रकारों की पेंटिंग्स खरीदकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप स्टॉलों का किया भ्रमण
राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया, जहाँ लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। इस दौरान उन्होंने औद्यानिक गतिविधियों से जुड़े गैर-सरकारी संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर उनके उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल ने विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी कर विक्रेताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों तथा बेटियों द्वारा संचालित स्टार्टअप स्टॉलों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देते हैं।
‘‘हीलिंग और वेल-बीइंग’’ की भावना से जुड़ा है वसंतोत्सव
तीन दिवसीय वसंतोत्सव के दूसरे दिन राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव की मूल भावना ‘‘हीलिंग और वेल-बीइंग’’ है, जिसे यहाँ के वातावरण में स्पष्ट रूप से महसूस किया जा सकता है।
राज्यपाल ने ध्यान केंद्र में जाकर ‘‘पुष्प ध्यान’’ किया और उसके सकारात्मक प्रभावों का अनुभव किया। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति फूलों और रचनात्मकता के निकट रहता है तो उसकी मानसिक और शारीरिक हीलिंग स्वाभाविक रूप से होती है। उन्होंने योग केंद्र की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यहाँ फूलों के माध्यम से स्वास्थ्य सुधार के विभिन्न आयामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
वसंतोत्सव में उमड़ी लोगों की भीड़
वसंतोत्सव के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने लोक भवन पहुंचकर पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों से उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान रुद्रप्रयाग की केदारघाटी मंचन समिति द्वारा प्रस्तुत नाटक “चक्रव्यूह” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और सशक्त संवादों के माध्यम से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। इस अवसर पर पुष्प उत्पादकों और क्रेताओं के मध्य समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड औद्यानिक बोर्ड द्वारा क्रेता-विक्रेता सभा का आयोजन भी किया गया, जिससे पुष्प उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। वसंतोत्सव में कला, प्रकृति, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के विविध आयामों का समन्वय देखने को मिल रहा है, जो इसे जनसामान्य के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.