पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी
मसूरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय, के आदेशों के अनुपालन में तथा प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली मसूरी के पर्यवेक्षण में आगामी होली पर्व के दृष्टिगत थाना क्षेत्र अंतर्गत एकल निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से विशेष मुलाकात अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के आवास पर जाकर उनसे भेंट की गई, उनका कुशलक्षेम जाना गया तथा उनकी सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को होली पर्व के दौरान सतर्क रहने, अजनबी व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें फोन कॉल, मैसेज, लिंक अथवा ओटीपी साझा न करने, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम थाना से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी भी दी गई तथा आश्वस्त किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में मसूरी पुलिस तत्परता से सहायता हेतु उपलब्ध रहेगी। कोतवाली मसूरी पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा, जिससे वरिष्ठ नागरिक स्वयं को सुरक्षित एवं संरक्षित महसूस करें तथा पर्व के अवसर पर शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
