बंदर, लंगूर सुअरों से ग्रामीण परेशान, खेती को पहुंचा रहे नुकसान

1 min read

रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायत बावई के राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र मयकोटी स्थित खलियाणी पंचायत चौक में “सरकार जनता के द्वार” तथा जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बंदर, लंगूर के साथ सुअरों के आतंक की अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वन विभाग चैन की नींद सोया हुआ है और जंगली जानवर ग्रामीणों की खेती को बर्बाद कर रहे हैं और अधिकारी-कर्मचारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। समस्या के निवारण को लेकर गांव में पेड़ कटान तथा कृषि के लिए भूमि तथा खेतों पर घेरबाड़ लगाना जरूरी है।
बुधवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र सिंह पुंडीर, जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ दीपा तिलारा की संयुक्त अध्यक्षता में विकासखण्ड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत बावई के मयकोटी में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने सर्वप्रथम सभी को संविधान दिवस होने के उपलक्ष्य में संविधान की उद्देशिका का वाचन तथा संविधान की शपथ दिलाई।
जनता दरबार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कुल 16 समस्याएं रखी, जिनमें से छः का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं पर शीघ्र कार्यवाही को लेकर संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। ग्राम पंचायत बावई के ग्रामीणों ने अपनी समस्या दर्ज करते हुए बताया कि गांव में जंगली जानवरों जैसे बंदरों लंगूर सुअरों से ग्रामीणों में भय का माहौल है तथा खेती को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। समस्या के निवारण को लेकर गांव में पेड़ कटान तथा कृषि के लिए भूमि तथा खेतों पर घेरबाड़ लगाना अति आवश्यक है। समस्या पर उप प्रभागीय वनाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में बंदर पकड़ने के लिए टीम भेजने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया। ग्रामीण गुमान सिंह चौहान ने अवगत कराया की गोग़ना में पुश्ता विगत कई समय से क्षतिग्रस्त है, जिसका पुनःनिर्माण करना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम प्रधान शालिनी देवी ने गांव की प्रमुख मांगों में राजकीय इंटर कॉलेज बावई में कला वर्ग की शुरुआत, पेयजल आपूर्ति के लिए नया टैंक, क्षतिग्रस्त मिलन केंद्रों का नवीनीकरण, सिद्धपीठ मोहल्ला को मोटर मार्ग से जोड़ने, चोपता-तिलवाड़ा सड़क पर क्षतिग्रस्त पुस्तों की मरम्मत, जंगली जानवरों से फसल बचाने के उपाय और शिवालय में शौचालय निर्माण शामिल किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि मौके पर कुछ शिकायतों का निस्तारित किया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्यवाही को लेकर संबंधित विभागों प्रेषित किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है और प्रशासन इसके लिए प्रतिबद्ध है। उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना और जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशानुसार इस प्रकार के जनता दरबार का उद्देश्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर जनता की समस्याओं को सुनना और त्वरित निस्तारण करना। सभी अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जनपद के समग्र विकास और जनहित से जुड़ी सभी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर है।
जनसंवाद कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शालिनी देवी, पूर्व प्रधान बावई देवेश्वरी राणा, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. दीपा तिलारा, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी रजनी गोस्वामी, परियोजना सहायक होम्योपैथिक सुभाष सिंह चौहान, ग्राम पंचायत बवाई के वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.