सामाजिक न्याय के संकल्प को जमीन पर उतार रही भाजपा सरकारः खजान दास

1 min read

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने भाजपा सरकार के रिपोर्ट कार्ड को समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकार और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, आवास, छात्रवृत्ति और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में ठोस कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का विकास मॉडल समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का है, जबकि कांग्रेस के पास जनकल्याण के कार्यों का जवाब देने के बजाय केवल राजनीतिक आरोप लगाने का रास्ता बचा है।
खजान दास ने कहा कि अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में वृद्धि, विवाह सहायता के तहत एससी व एसटी परिवारों की अधिकतम दो बेटियों को
50 हजार रुपये की सहायता और विद्यार्थियों के लिए तीन नए छात्रावासों का निर्माण सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। पेशेवर पाठ्यक्रमों के छात्रावास में रहने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को सालाना 13,500 रुपये तथा गैर-डिग्री पाठ्यक्रमों के गैर-छात्रावासी विद्यार्थियों को 2,500 रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए चार एकलव्य आवासीय विद्यालय संचालित हैं, दो निर्माणाधीन हैं और एक प्रस्तावित है। जनजातीय गौरव, संस्कृति और विरासत को सम्मान देने के लिए 12 राज्यों की सहभागिता से जनजाति महोत्सव आयोजित किया गया। दो विभूतियों को आदि गौरव सम्मान प्रदान किया गया तथा जनजातीय अध्ययन के लिए शोध कोष और प्रतिवर्ष महोत्सव आयोजन का संकल्प लिया गया। भाजपा सरकार जनजातीय समाज की पहचान और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ उनके विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर में 39 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं, 229 करोड रुपये़ की पेयजल योजना और चकराता की 56 स्वीकृत परियोजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं। अनुसूचित जनजातियों की परंपराओं एवं प्रथागत अधिकारों का सम्मान करते हुए उन्हें समान नागरिक संहिता अधिनियम, 2024 के दायरे से बाहर रखा गया है। पीएम-जनमन योजना के लिए बुक्सा एवं राजी जनजाति के 13,573 परिवार चिह्नित किए गए और आजीविका के सभी लक्ष्य पूरे किए गए। प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन के तहत 12 वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय आजीविका को मजबूती दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की भाषा, संस्कृति और आस्था के संरक्षण के लिए विद्यालयों में जौनसारी भाषा की पढ़ाई, गदरपुर में पूज्य राजा जगत देव की प्रतिमा स्थापना तथा बुक्सा एवं राजी जनजाति विकास योजना के अंतर्गत आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल प्रशिक्षण और आजीविका की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भाजपा सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सम्मान को भी समान महत्व देती है।
खजान दास ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को भी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सहायता दी है। वर्ष 2023-24 में 4,739 विद्यार्थियों को 5.69 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। पीएम यशस्वी योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को पेशेवर डिग्री एवं पीजी पाठ्यक्रमों के लिए 20 हजार रुपये वार्षिक और अन्य पात्र पेशेवर पाठ्यक्रमों के लिए 13 हजार रुपये वार्षिक सहायता निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में एससी, एसटी एवं ओबीसी उद्यमियों की परियोजना लागत में हिस्सेदारी केवल पांच प्रतिशत रखी गई है, जबकि छोटे खाद्य प्रसंस्करण कारोबार शुरू करने या विस्तार करने के लिए ओबीसी के 101 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान की बातें कीं, लेकिन भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारकर लाभार्थियों के जीवन में बदलाव ला रही है। भाजपा का रिपोर्ट कार्ड उसके काम का प्रमाण है। सामाजिक न्याय केवल नारे से नहीं, बल्कि योजनाओं के लाभ, शिक्षा के अवसर, आर्थिक सहायता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने से आता है। भाजपा सरकार इसी संकल्प के साथ काम कर रही है और विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.