मसूरी में 46 वेंडरों को मिलीं दुकानें, पालिकाध्यक्ष ने किया वेंडिंग जोन का लोकार्पण
मसूरी। मालरोड से हटाए गए पटरी कारोबारियों के पुनर्वास की दिशा में नगर पालिका परिषद ने कदम बढ़ाते हुए मसूरी झील पर विकसित वेंडिंग जोन के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने 46 दुकानों का लोकार्पण कर चयनित वेंडरों को दुकानें आवंटित कीं। दुकानें मिलने पर कारोबारियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि नगर पालिका परिषद का शुरू से ही प्रयास रहा है कि मालरोड से हटाए गए पटरी कारोबारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए। इसी उद्देश्य से मसूरी झील पर पहला वेंडिंग जोन तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि दुकानों का आवंटन पर्ची निकालकर किया गया, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी के साथ भेदभाव की आशंका न रहे।
उन्होंने कहा कि अभी दर्पण होटल के समीप कारोबार कर रहे शेष वेंडरों को भी चरणबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन में स्थान दिया जाएगा। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही आगे का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि माउंट रोज के नीचे और वासु सिनेमा के समीप नगर पालिका की भूमि को भी वेंडिंग जोन के लिए चिह्नित किया गया है।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों की आजीविका पटरी कारोबार पर निर्भर है, उन्हें व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। वहीं, मालरोड पर पटरी लगाने को लेकर न्यायालय के निर्देशों का पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत मसूरी में वेंडिंग जोन विकसित किया जा रहा है। मसूरी झील पर पहला वेंडिंग जोन तैयार कर 46 लोगों को दुकानें आवंटित की गई हैं। उन्होंने बताया कि आवंटन प्रक्रिया में कुल 130 लोगों ने भाग लिया था। शेष पात्र लोगों को भी आगामी चरणों में दुकानें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्रीय सभासद शिवानी भारती, रणवीर कंडारी, गौरी थपलियाल, पवन थलवाल, विशाल खरोला, विजय बिंदवाल, अनिल गोयल सहित बड़ी संख्या में वेंडर मौजूद रहे।
