एसपी चमोली को राष्ट्रपति ने प्रदान किया तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार

1 min read

मसूरी। उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण जगत के लिए गौरव का क्षण है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में मसूरी के निकट कैंपटी स्थित हिमालयन साहसिक संस्थान के निदेशक एवं पूर्व डीआईजी एसपी चमोली को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार-2024 (आजीवन उपलब्धि) से सम्मानित किया। इस पुरस्कार में कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र और 15 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार देश में साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र का सर्वोच्च सम्मान है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से प्रदान किए जाने वाले इस पुरस्कार को साहसिक खेलों में विशिष्ट उपलब्धियों और योगदान के लिए दिया जाता है।
सम्मान मिलने पर एसपी चमोली ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके व्यक्तिगत प्रयासों के साथ-साथ उत्तराखंड और देश के साहसिक पर्यटन क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारतीय सेना में सेवाएं देने के बाद वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में डीआईजी के पद पर रहे। अपने साहसिक अभियानों के दौरान उन्होंने ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए, जो आज भी प्रेरणा बने हुए हैं।
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 1981 का ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्स अभियान शामिल है। सर एडमंड हिलेरी के संरक्षण में आयोजित भारत-न्यूजीलैंड के संयुक्त अभियान का नेतृत्व करते हुए उन्होंने कंचनजंगा से काराकोरम तक पांच हजार किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा की। 265 दिनों तक चले इस अभियान में 106 दुर्गम दर्रों को पार किया गया। यह अभियान हिमालय के सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में गिना जाता है। उनका दूसरा उल्लेखनीय कीर्तिमान वर्ष 1991 में ब्रह्मपुत्र नदी में आयोजित भारत-जापान संयुक्त राफ्टिंग अभियान रहा। इस अभियान का नेतृत्व करते हुए उन्होंने त्सांगपो गॉर्ज और गेलिंग से धुबरी तक लगभग 1100 किलोमीटर की नदी यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा किया।
इसके अलावा वर्ष 1974 में नीलकंठ पर्वत के 21,640 फीट ऊंचे शिविर तक प्रथम सफल अभियान का नेतृत्व किया। वर्ष 1978 में भारत के पहले स्कीइंग अभियान के उपनेता के रूप में केदार डोम पर आरोहण किया। वर्ष 1986 में काराकोरम की सासेर कांगड़ी चोटी पर प्रथम सफल आरोहण अभियान का नेतृत्व किया। इसके बाद श्योक नदी में 105 किलोमीटर का राफ्टिंग अभियान भी पूरा किया।
वर्ष 1989 में इटली में आयोजित विश्व पुलिस शीतकालीन खेलों और यूरोपीय स्की प्रतियोगिता में भारत के पहले दल का नेतृत्व किया। वर्ष 1997 में भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन की राष्ट्रीय खेल चढ़ाई समिति के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे। वह रॉयल ज्योग्राफिकल सोसाइटी के फेलो हैं तथा श्द ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्सश् और श्राफ्टिंग डाउन द मिस्टिक ब्रह्मपुत्रश् पुस्तकों के लेखक भी हैं। एसपी चमोली ने अपने अनुभवों को केवल अभियानों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने का भी काम किया। वर्तमान में कैंपटी स्थित हिमालयन साहसिक संस्थान के माध्यम से वह अब तक 21 हजार से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को पर्वतारोहण, चढ़ाई, पदयात्रा तथा बाहरी गतिविधियों में नेतृत्व का प्रशिक्षण दे चुके हैं। इसके साथ ही उत्तराखंड पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन के 1420 से अधिक खोज एवं बचाव कर्मियों को प्रशिक्षित किया है। इनमें से कई प्रशिक्षित कर्मियों ने बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 84 वर्ष की आयु में भी उनका प्रशिक्षण और साहसिक गतिविधियों के प्रति समर्पण जारी है। उनका यह सम्मान न केवल उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है, बल्कि नई पीढ़ी के साहसिक खेलों और पर्वतारोहण के प्रति आकर्षण को भी नई प्रेरणा देगा।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.