दीपावली के बाद मसूरी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, होटल 80 प्रतिशत तक पैक
1 min read
मसूरी। दीपावली और उसके बाद लगातार मिले दो दिनों के अवकाश के चलते पर्यटन नगरी मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर्यटकों की अच्छी आमद से होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। हालात ऐसे रहे कि पर्यटन सीजन के दौरान भी इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों की आमद देखने को नहीं मिली थी। मालरोड पर दिनभर चहल-पहल बनी रही और शहर में एक बार फिर पर्यटन सीजन जैसा माहौल नजर आया।
बरसात के बाद मौसम साफ होने के साथ ही पर्यटकों का रुख पहाड़ों की रानी मसूरी की ओर बढ़ने लगा है। दीपावली के बाद मिले अवकाश में बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि इस बार दीपावली के दौरान अच्छी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे, लेकिन दीपावली के बाद पर्यटकों की आमद और अधिक रही। इसके चलते शहर के होटलों में लगभग 80 प्रतिशत तक कमरे भर गए।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों की अच्छी संख्या मसूरी के पर्यटन कारोबार के लिए उत्साहजनक है। वहीं, मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने कहा कि सामान्य तौर पर सप्ताहांत में पर्यटकों की आमद रहती है, लेकिन इस बार दीपावली और उसके बाद के अवकाश में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से कारोबारियों को काफी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी, स्कूटी, रिक्शा सहित पर्यटन से जुड़े सभी व्यवसायों में अच्छा कारोबार हुआ। हालांकि, पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था में कमी भी देखने को मिली। प्रमुख चैराहों पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी नहीं होने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मालरोड पर बड़ी संख्या में पर्यटक चहलकदमी करते नजर आए। पर्यटकों ने मालरोड के किनारे लगी बेंचों पर बैठकर सुहावने मौसम और दून घाटी के विहंगम दृश्यों का आनंद लिया। इस दौरान पर्यटक विंटर लाइन के मनोहारी नजारे को निहारते भी दिखाई दिए। पर्यटकों की भीड़ ने मसूरी के पर्यटन कारोबार में नई रौनक ला दी।
