धनतेरस पर लंढौर बाजार में उमड़ी भीड़, कारोबार रहा उम्मीद से कम

1 min read

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में धनतेरस का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाजारों में खासी रौनक रही और खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। हालांकि, बाजार में अच्छी चहल-पहल के बावजूद कारोबारियों का कहना है कि इस बार बिक्री गत वर्ष की तुलना में कम रही। दुकानदारों के अनुसार, लोग बाजार पहुंचकर सामान की जानकारी तो ले रहे हैं, लेकिन खरीदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रही है।
धनतेरस और दीपावली के अवसर पर लंढौर बाजार में विशेष रौनक देखने को मिली। पर्यटन की दृष्टि से अपेक्षाकृत कमजोर रहने वाला लंढौर बाजार स्थानीय लोगों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र है। दीपावली के दौरान यहां स्वर्णकारों, मिठाई विक्रेताओं और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ रहती है। दीपावली से संबंधित लगभग सभी वस्तुएं उपलब्ध होने के कारण मसूरी के विभिन्न क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए लंढौर बाजार पहुंचते हैं।
इस बार धनतेरस के अवसर पर लोगों के वेतन मिलने और सरकारी कर्मचारियों को दीपावली बोनस दिए जाने के कारण कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद थी। इसके बावजूद बाजार में कारोबार गत वर्ष की तुलना में कम रहा। व्यवसायी संदीप अग्रवाल ने बताया कि बाजार में भीड़ अच्छी है, लेकिन बिक्री उतनी नहीं हो रही है जितनी अपेक्षा थी। लोग दुकानों पर आ रहे हैं और सामान के बारे में पूछताछ भी कर रहे हैं, लेकिन खरीदारी करने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम है।
व्यवसायी रवि गोयल ने कहा कि बाजार में अच्छी भीड़ है और लोग दीपावली से संबंधित सामान की खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, गत वर्ष की तुलना में कारोबार में कमी आई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी का प्रभाव स्थानीय बाजार पर पड़ रहा है। इसके बावजूद लोग बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन बिक्री अपेक्षा से कम है। धनतेरस पर बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लंढौर बाजार को वाहन रहित क्षेत्र घोषित किया। बाजार में केवल दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति दी गई। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई, ताकि लोगों को खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.