मनोज राणा स्मृति फुटबाल प्रतियोगिताः जूनियर में दून इलेवन और ओपन में मथुरावाला ने जीती ट्राफी
1 min read
मसूरी। हैप्पीवैली के मैदान में शिवा स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित छठी मनोज राणा स्मृति डे-नाइट फुटबाल प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में दून इलेवन ने खिताब अपने नाम किया, जबकि ओपन वर्ग में देहरादून की मथुरावाला टीम विजेता बनी। दो दिवसीय प्रतियोगिता में देहरादून और मसूरी की कुल 35 टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला दून इलेवन और मसूरी मेडरिट के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें दून इलेवन ने मसूरी मेडरिट को 7-6 से हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। ओपन वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में 7 स्टार ने शिवा क्लब को 1-0 से, शास्त्री क्लब ने होप क्लब चंडालगढ़ी को 1-0 से तथा मॉर्निंग स्टार ने नवचेतन को 1-0 से पराजित किया। वहीं मथुरावाला देहरादून ने एक्स ब्वायज को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले सेमीफाइनल में 7 स्टार और मॉर्निंग स्टार के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में मॉर्निंग स्टार ने 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मथुरावाला ने शास्त्री क्लब को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। ओपन वर्ग के फाइनल में मथुरावाला और मॉर्निंग स्टार के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई, जिसमें मथुरावाला ने 2-1 से जीत हासिल कर प्रतियोगिता की विजेता ट्राफी अपने नाम की।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी तथा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में मथुरावाला के अर्पित को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, मॉर्निंग स्टार के पदम थापा को सर्वश्रेष्ठ गोल स्कोरर तथा मथुरावाला के मानव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में आदर्श, सुशांत, सेमुएल, परविंद रावत, राहुल रांगड़ और मनोज थापा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर अशोक राणा, मनोज राणा, बीएस नेगी, प्रेम गुसाईं, अनिल पंवार, दीपक रावत, रिक्की भंडारी, सुरेंद्र नेगी, संदीप, पिंटू, अमित उनियाल, मिजान सिंह, आदर्श, आदित्य, शुभम, अक्षत, नरेंद्र कठैत सहित अतिथि अंशुल गोयल, धनपाल रावत, नीरज गर्ग और डॉ. नीरज सिंघल मौजूद रहे।
