अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भड़की भाजपा, मसूरी में पुतला फूंककर जताया विरोध

मसूरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा मसूरी मंडल ने प्रदर्शन किया। शहीद भगत सिंह चैक पर एकत्र हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए अखिलेश यादव का पुतला दहन किया और उनसे माफी मांगने की मांग की।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड की धरती से संबंध रखते हैं और सनातन संस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सर्वविदित है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ के खिलाफ की गई टिप्पणी से उत्तराखंड के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को बयान देते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
रजत अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार के कार्यकाल में आंदोलनकारियों पर हुए अत्याचारों को प्रदेश की जनता आज भी नहीं भूली है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि अखिलेश यादव अपनी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते हैं तो पार्टी आगे भी विरोध प्रदर्शन करेगी और उनके आवास के बाहर धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सभासद विजय बिंदवाल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, रमेश खंडूरी, नागेंद्र डिमरी, सचिन पंवार, धन प्रकाश अग्रवाल, उज्ज्वल नेगी सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.