सेंट जॉर्ज कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता में मार्थिंस हाउस ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप

1 min read

मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी की वार्षिक खेल प्रतियोगिता में मार्थिंस हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल इंटर हाउस चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि देहरादून के बाल रोग विशेषज्ञ एवं वर्ष 1974 बैच के मैनोराइट डॉ. विपिन वैश ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सेंट जॉर्ज कॉलेज में शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य सहगामी गतिविधियों को भी महत्व दिया जाता है। इससे विद्यार्थियों की प्रतिभा को नया आयाम मिलता है। प्रतियोगिता में मार्थिंस हाउस के मोहम्मद अतीब सरवर को सबसे तेज धावक का सम्मान मिला। सीनियर वर्ग में इशगुन सिंह और जूनियर वर्ग में अर्श कंदोई को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ जिमनास्ट चुना गया।
फीट ऑफ स्ट्रेंथ का खिताब आरव रुगंटा और डिस्कस थ्रो का खिताब माधव गुप्ता ने जीता। सर्वश्रेष्ठ लॉन्ग डिस्टेंस रनर का खिताब आर्य विक्रम राणा के नाम रहा। सीनियर मैराथन में कक्षा 12, इंटर मैराथन में कक्षा 9 ‘बी’, जूनियर मैराथन में कक्षा 8 ‘बी’ और सब-जूनियर मैराथन में कक्षा 6 ‘बी’ ने खिताब जीते। कक्षा चार की मैराथन में शान्विक वर्मा विजेता रहे।
1500 मीटर दौड़ में आर्य विक्रम राणा और त्रिकूद में आरूष राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बेस्ट एथलीट सीनियर का खिताब आदित्य मांगलिक, इंटर का ओजस्व सिंह, जूनियर का स्टैनजिन गेदुन और सब-जूनियर का सम्राट जायसवाल ने जीता।
बेस्ट मार्चिंग सीनियर का सम्मान कक्षा 10 ‘बी’, इंटर का कक्षा 9 ‘बी’ और जूनियर का कक्षा 6 ‘ए’ को मिला। ट्राएथलॉन में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्य विक्रम राणा को ‘आयरन मैन ऑफ एसजीसी’ के खिताब से नवाजा गया। बेस्ट एथलीट मार्च पास्ट का खिताब कलिंस और मार्थिंस हाउस को संयुक्त रूप से मिला।
मुख्य अतिथि डॉ. विपिन वैश ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे खेलों में निरंतर मेहनत करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें तथा विद्यालय और देश का नाम रोशन करें। प्रतियोगिता का आयोजन सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी ब्रदर ब्रिटो, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिलवेनुस, खेल विभाग के को-ऑर्डिनेटर आनंद थापा, भवनेश नेगी सहित खेल विभाग के शिक्षकों के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए पैट्रिशियन ब्रदर्स, 1986 के रूबी जुबली बैच, सिल्वर जुबली बैच, 2001 के सिल्वर बैच, 2016 के डिकेडियन बैच के मैनोराइट्स, विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.