24वीं नगर क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ
1 min read
मसूरी। सर्वे मैदान में 24वीं नगर क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में मसूरी क्षेत्र के सात विद्यालयों के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने स्कूल बैंड की धुनों के बीच भव्य मार्चपास्ट की सलामी लेकर एवं ध्वजारोहण कर किया। संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वस्ति वाचन एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई गई। गत चैंपियन खिलाड़ी ने मशाल लेकर मैदान का चक्कर लगाया और इसके बाद मशाल प्रज्वलित की गई।
निर्मला इंटर कॉलेज के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर अल्फोंस तिर्की ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रतिभागी खिलाड़ियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि जोत सिंह गुनसोला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना चाहिए। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए खेलों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि मसूरी के सभी विद्यालय प्रत्येक वर्ष इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हैं और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्मला इंटर कॉलेज को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
पहले दिन के परिणाम
सब जूनियर बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में आरएन भार्गव के राकेश ने प्रथम तथा निर्मला इंटर कॉलेज के अनुज मेलवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में निर्मला इंटर कॉलेज के अमित प्रथम तथा आरएन भार्गव के कल्याण सिंह द्वितीय रहे। चक्का फेंक में अमित ने प्रथम और सेंट लॉरेंस स्कूल के दिनेश कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में निर्मला इंटर कॉलेज के शमशेर अली खान प्रथम तथा घनानंद के दिनेश कुमार द्वितीय रहे।
जूनियर बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में सेंट क्लेयर्स स्कूल के सूरज थापा प्रथम तथा निर्मला इंटर कॉलेज के अनुज मेलवाल द्वितीय रहे। 3000 मीटर दौड़ में सेंट लॉरेंस के शुभम राज प्रथम और निर्मला इंटर कॉलेज के अनुज मेलवाल द्वितीय रहे। चक्का फेंक में घनानंद के नितिन प्रथम तथा निर्मला इंटर कॉलेज के अर्पित द्वितीय रहे। गोला फेंक में निर्मला के अर्पित ने प्रथम और घनानंद के नितिन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। भाला फेंक में निर्मला इंटर कॉलेज के अर्पित प्रथम तथा सेंट लॉरेंस के कार्तिक द्वितीय रहे।
सीनियर बालक वर्ग की चक्का फेंक प्रतियोगिता में निर्मला इंटर कॉलेज के आर्यन सिंह प्रथम तथा घनानंद के सूर्यांश द्वितीय रहे। गोला फेंक में दिव्यांश नेगी ने प्रथम तथा निर्मला इंटर कॉलेज के आर्यन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन कंचन रावत एवं मनीषा धनाई ने किया। इस अवसर पर आरएन भार्गव के प्रधानाचार्य विजय भट्ट, सेंट लॉरेंस की प्रधानाचार्या फातिमा अल्बर्ट, संस्कृत विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाक्षी चैहान, पूर्व आईजी मनोरंजन त्रिपाठी, कामोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, खिलाड़ी एवं अतिथि मौजूद रहे।
