माल रोड व्यू प्वांइट से एक पर्यटक की खाई में गिरने से मौत

मसूरी। मालरोड व्यू प्वाइंट से प्रातः एक पर्यटक युवक के खाई में गिर जाने से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुुंची व युवक को तत्काल एंबुलेस से उप जिला चिकित्साल लंढौर उपचार के लिए भेजा गया जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गयी।
घटना की जानकारी देने पर पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि सुबह प्रातः करीब पांच बजे लाइब्रेरी चैकी पर स्थानीय गाइड अरशद ने सूचना दी कि लाइब्रेरी चैक के पास व्यू प्वाइंट से एक व्यक्ति खाई में गिर गया है जो गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर तत्काल रात्रि अधिकारी एवं चीता लाइब्रेरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायल व्यक्ति को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी उपचार हेतु भेजा गया। उपचार के दौरान उक्त व्यक्ति की मृत्यु हो गई। सूचना देने वाले अरशद ने  बताया गया कि वह प्रातः लाइब्रेरी चैक की ओर आया था। उसने देखा कि एक व्यक्ति लाइब्रेरी चैक स्थित व्यू प्वाइंट की रेलिंग के दूसरी ओर खड़ा था। अरशद द्वारा अपनी स्कूटी साइड में खड़ी की जा रही थी, तभी उसे किसी व्यक्ति के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो वही व्यक्ति नीचे गिरा हुआ तथा घायल अवस्था में पड़ा था। इस पर उसके द्वारा तत्काल चैकी लाइब्रेरी को सूचना दी गई। मृतक का नाम शिवम पुत्र अजय निवासी भोगल नई दिल्ली है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पंचायतनामा की कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है तथा घटना के संबंध में अग्रिम जांच, व आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.