वीक एंड पर पर्यटकों के बड़ी संख्या में पहुंचने से जाम से जूझता रहा शहर
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में वीक एंड व स्वतंत्रता दिवस होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने से पूरा शहर जाम से जूझता रहा। इस बार तो अन्य मार्गों के साथ ही पूरी मालरोड पर लाइब्रेरी से पिक्चर पैलेस तक जाम लगने से पर्यटक व स्थानीय लोग खासे परेशान नजर आये। जिसके कारण लोगों में प्रशासन व पुलिस व्यवस्था पर आक्रोश व्यक्त करते देखा गया।
सीजन भले ही समाप्त हो गया हो लेकिन मसूरी को जाम से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। इस बार भी वीक एंड व स्वतंत्रता दिवस पर पर्यटकों की संख्या बढते ही गांधी चैक से पिक्चर पैलेस तक जाम लगता रहा व लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मसूरी के मोती लाल नेहरू मार्ग, लंढौर लाल टिब्बा मार्ग, घंटाघर, गांधी चैक पर तो सुबह से ही जाम लग जाने के कारण कई बच्चे व शिक्षक स्वतंत्रता दिवस पर भी समय से स्कूल नहीं पहुंच पाये। हालात इतने खराब रहे कि पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिला। जिसके कारण लोगों का आक्रोश प्रशासन व पुलिस व्यवस्था के खिलाफ साफ देखा गया। दिल्ली से आये पर्यटक संदीप गुजराल ने कहा कि वह स्वतंत्रता दिवस की छुटटी मनाने मसूरी आये किय यहां पर शांति से एक दिन बितायेंगे लेकिन यहां जाम ने उनका सारा समय बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि पूरी मालरोड पर कहीं भी कोई पुलिस कर्मी नजर नहीं आया बल्कि लोग खुद जाम खुलवाते देखे गये। पंजाब से आये पर्यटक गुरनीत सिंह ने कहा कि मसूरी की सुंदरता व यहां के मौसम के कारण वह मसूरी आते है लेकिन अब दिन प्रतिदिन यहां की व्यवस्था खराब हो रही है व लोगों का पूरा दिन जाम से जूझने में ही लग जाता है ऐसे में उनका आना बेकार हो गया। सोचा था यहां की वादियों का आंनंद लेगे व शांति से रहेगे लेकिन पूरा दिन तो जाम में लग गया । उन्होंने प्रशासन पर भी आक्रोश व्यक्त किया व कहा कि जब प्रशासन को पता होता है कि मसूरी में पर्यटक आते है तो उन्हें उसके हिसाब से व्यवस्था करनी चाहिए ताकि पर्यटकों को परेशानी न हो। इसी के साथ ही लंढौर मार्ग, सिविल अस्पताल मार्ग, मोती लाल नेहरू मार्ग ,अकादमी मार्ग सभी मार्गों पर दिन भर जाम से लोगों को जूझना पड़ा। प्रशासन को लंढौर बाजार क्षेत्र में दुपहिया वाहनों पर भी एक मार्गीय यातायात व्यवस्था लागू करनी चाहिए ताकि बाजार क्षेत्र में जाम न लगे।
