मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए प्रदान की 10.08 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

1 min read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति प्रदान करने तथा जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 10.08 करोड़  की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों का अनुमोदन प्रदान किया है। मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र में डीडीहाट के अंतर्गत हरिचन्द देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित किए जाने हेतु 1.42 करोड़, लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु 70.87 लाख, खर्कदेश पट्टी स्थित बटकेश्वर मंदिर एवं तीर्थ स्थल के सौन्दर्यीकरण एवं निर्माण कार्य हेतु 63.39 लाख के साथ ही विधानसभा क्षेत्र धारचूला के अंतर्गत ग्राम उच्छैदी, नन्दा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग निर्माण हेतु 81.43 लाख धनराशि की स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र सल्ट के अंतर्गत भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण कार्य के लिए 53.51 लाख, विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर के अंतर्गत प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के सौन्दर्यीकरण, घाट निर्माण एवं सुरक्षा चेक डैम निर्माण कार्यों हेतु 98.25 लाख, विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में 50 हैंडपंप स्थापित किए जाने हेतु 42.98 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पौड़ी के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर के अंतर्गत जानकी पुल से चैरासी कुटिया तक संपर्क मार्ग को बीटल्स स्ट्रीट के रूप में विकसित किए जाने हेतु 85.74 लाख के साथ ही राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में विकासखंड पाबौ के अंतर्गत सांकरसैंण-बरसीला-बगड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण हेतु 95.66 लाख तथा बीआरसी कोटली गांव तक मोटर मार्ग निर्माण हेतु 46.19 लाख, कुल 1.42 करोड़ की योजना की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत डुंगरीफर्त्याल में शिव मंदिर के सौन्दर्यीकरण कार्य हेतु 75.00 लाख, ग्राम पंचायत मोत्यूराज में माँ कर्डाई मंदिर के सौन्दर्यीकरण कार्य हेतु 25.00 लाख की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा कैड़ागांव बुग स्थल तथा धारी के मौनीबाबा आश्रम में एक-एक धर्मशाला निर्माण हेतु 87.95 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री द्वारा जनपद देहरादून स्थित श्री गुरुनानक पब्लिक महिला इंटर कॉलेज, खुड़बुड़ा, की पुताई, पेंट एवं मरम्मत कार्यों के लिए अवशेष धनराशि 39.996 लाख की धनराशि  स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.