संत निरंकारी मिशन ने चलाया स्वच्छता अभियान

मसूरी। संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के तहत मसूरी के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर उत्कृष्ट कार्य किया गया जिस पर मसूरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी ने मिशन का विशेष आभार व्यक्त किया।
नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर संत निरंकारी मिशन ने बारिश के बावजूद शहर में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ लोगों को स्वच्छता के बारे में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूक किया था। उस समय निरंकारी मिशन के कार्यक्रम में शहीद स्थल पर संत निरंकारी मिशन से अनुरोध किया गया था कि स्वाच्छता अभियान  पूरे सप्ताह शहर में चलाया जाय। जिस पर मिशन ने पूरे सप्ताह शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार स्वच्छता अभियान चलाकर व जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने  कचहरी रोड से गन हिल मार्केट तक, चिक चॉकलेट के नीचे का क्षेत्र, लंढौर बाजार, साउथ रोड, कैमल्स बैक रोड की रेलिंग के नीचे, डंपिंग जोन के मलबे तथा आर्य समाज मंदिर के नीचे के क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। जिस पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने अभियान में सहयोग के लिए मसूरी संत निरंकारी मिशन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह व मिशन के स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर मसूरी के निर्माण में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका हर वर्ष रहती है व जनता को जागरूक करने के साथ ही समाज को दिशा दिखाने का कार्य करते हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.