नाले खालों को अतिक्रमण मुक्त कर सफाई व्यवस्था दुरूस्त की जाए
मसूरी। बरसात का सीजन अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और ओलावृष्टि के कारण बंद पड़े नाले खालो का सारा पानी और मलवा सड़कों पर बहने लगा है। माल रोड में बरसात होते ही जल भराव की स्थिति पैदा हो जाती है वहीं शहर के विभिन्न स्थान पर सड़कों में बहता पानी नाले का स्वरूप ले लेता है, जहां पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
नगर पालिका ने नाले खालों को अतिक्रमण मुक्त करने और सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने की घोषणा की थी, लेकिन मात्र एक नाले को ही अतिक्रमण मुक्त कराया जा सका है। जबकि शहर में कई ऐसे नाले खाले हैं जहां पर लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, वहीं विभिन्न नालों में निर्माण सामग्री का मलवा डाला जा रहा है। जिससे बरसात के कारण सारा मलवा सड़कों पर बहने लगता है। अब जबकि प्री मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है व इसे दो सप्ताह बाद मानसून दस्तक देने वाला है ऐसे में यदि नाले ख़ाले नहीं खोले गए तो यह आपदा का रूप भी धारण कर सकता है। पूर्व में भी देखा गया है कि नाले खालो का मलवा सड़कों पर आ जाता है जिसे कई बार मार्ग भी बाधित हो जाते हैं। गत वर्ष मसूरी में आयी भीषण आपदा का प्रमुख कारण निर्माण का मलवा ही रहा, जो बारिश के पानी के साथ बहकर तबाही मचाता चला गया। और गत वर्ष की तबाही से भी शासन प्रशासन ने सबक नहीं लिया व गत वर्ष के आपदा के कार्य भी नहीं किए गये केवल मलवा हटा दिया गया वहीं मलवा इस बार दुर्घटना का कारण बन सकता है। इस पर स्थानीय लोगों ने भी अपनी चिंता जाहिर की है और नगर पालिका के साथ ही संबंधित विभागों से भी बरसात से पहले सभी नालों की साफ सफाई की मांग की गई है। इस बार माल रोड के साथ ही सभी क्षेत्रों में जल भराव देखा जा रहा है ब्रिटिश समय के बने नाले वर्तमान में चोक हो रखे है नगर पालिका को ईको टैक्स और अन्य मद से इन्हें खोलने का प्रयास करना चाहिए ताकि समस्या का समाधान हो सके। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि अधिकांश नालों में जल संस्थान और जल निगम की पाइपलाइन बिछी है जिसके कारण सफाई व्यवस्था में दिक्कतें पैदा हो रही है और संबंधित विभागों के साथ पत्राचार भी किया जा रहा है इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को भी लिखा गया है कि माल रोड में जहां पर भी नालों में अतिक्रमण किया गया है उसकी सूची तैयार की जाय। उन्हांेने यह भी कहा कि पालिका की टीम लगातार नालों की सफाई में लगी है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि लोक निर्माण विभाग शीघ्र नालों की सफाई करवायेगा जिसमें मालरोड के नाले भी शामिल है। मालरोड के नालों को खोलने में परेशानी होगी व रोड खोदी नहीं जायेगी उन नालों को बिना रोड खोदे खोला जायेगा ताकि लोगों को भी परेशानी न हो।
