पेयजल किल्लत को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जलसंस्थान व जलनिगम को आड़े हाथों लिया

मसूरी। नगर पालिका टाउन हाल में आयोजित समीक्षा बैठक में मसूरी में हो रही पानी की समस्या प्रमुख केंद्र रही। स्थानीय जनता व जनप्रतिनिधियों ने पानी की समस्या पैदा होने व उसका समाधान न करने पर जल संस्थान व जल निगम को आड़े हाथोें लिया। इस मौके पर लोगों ने कहा कि 144 करोड की यमुना पेयजल योजना का लाभ मसूरी को नहीं मिल पा रहा है, जिस कारण टेकरों से लोगों को अपने खर्चे पर पानी लाना पड़ रहा है। जिस पर मंत्री गणेश जोशी ने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 48 घंटे में मसूरी के सभी क्षेत्रों सहित छावनी क्षेत्र मे हो रही पानी की समस्या का समाधान किया जाय। वहीं जल निगम को पानी की पूरी आपूर्ति जल संस्थान को करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी ने मोती लाल नेहरू मार्ग के मरम्मत कार्य को एक सप्ताह में पूरा करने का निर्देश दिया। जबकि लोगों सहित जनप्रतिनधियों ने लोक निर्माण विभाग की कार्य प्रणाली व गुणवत्ता पर भी सवाल उठाये।
मंत्री गणेश जोशी ने लोनिवि को किंक्रेग से पिक्चर पैलेस तक रोड की दशा सुधारने, पुराने टिहरी रोड की मरम्मत व पुश्तों का निर्माण करने व माल रोड की दशा सुधारने व कल्वट खोलने के भी निर्देश दिए। बैठक में पेयजल निगम को मसूरी की सीवर व्यवस्था सुधारने व जिन स्थानों पर सीवर लाइन नहीं बिछी उसे पूरा करने के साथ सीवर एसटीपी का निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। विद्युत विभाग को खतरे वाले खंबे हटाने सहित हर वार्ड में जिन खंबों को हटाया जाना है उसका एस्टीमेट बनाकर देने के निर्देश दिए व कहा कि उनका पैसा वह खुद वहन करेंगे ताकि जनता को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। एनएच को रोड की दशा सुधारने व जहां रोड खराब है मरम्मत करने के निर्देश दिए। मसूरी में रैटल स्कूटियों के संचालन पर संभागीय परिवहन विभाग को स्कूटियों के संचालन को नियमित करने व रोड पर खडी स्कूटियों पर कार्रवाई करने के साथ ही मसूरी क्षेत्र के लिए नई स्कूटियों का लाइसेंस न देने के लिए संभावित प्रयास करने को कहा ताकि इन पर रोक लगायी जा सके। वहीं मसूरी में साइकिल रिक्शा के स्थान पर गोल्फकार्ट की जगह ई रिक्शा या आटो का ट्रायल करवा कर इस कार्य को आगे बढाने के निर्देश दिए ताकि मालरोड से साइकिल रिक्शा हटाया जा सके।  श्रमिकों को एडजेस्ट करने पर भी सहमति बनी। वन विभाग से भिलाडू खेल मैदान के बारे में जानकारी ली जिस पर एसीएफ डा. उदय गौड ने बताया कि उनके यहां से फाइल खेल विभाग को चली गयी है व आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है, इस पर खेल विभाग की आगे की कार्रवाई करेगा वहीं शहर में जो पेड़ जानमाल के लिए खतरा बने है उन्हें काटने या लोपिंग करने के लिए पालिका के साथ बैठक कर समाधान करने को कहा गया है। बैठक में एमडीडीए को ईको पार्क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने, मैसानिक लॉज से बडे मोड़ तक रेलिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गये। पुलिस विभाग से सीओं को जाम से निजात दिलाने का प्रयास करने के साथ ही पालिका के वालिटियरों के साथ तालमेल बिठा कार्यकरने को कहा गया। किमाडी रोड को पूरा करने के लिए कहा गया है, कोल्खूखेत पर फास्टेग लगाने के निर्देश दिए ताकि जाम न लगे। तहसील के लिए एसडीएम से कहा गया है कि पालिकाध्यक्ष के साथ बैठक करें ताकि किंक्रेग पर तहसील बनायी जा सके। मसूरी पर्यटक स्थल है, पंद्रह साल का रिपोर्टकार्ड जनता के समक्ष रखेंगे, बैठक में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, एसडीएम राहुल आनंद, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सीओ अंकित कंडारी, एआटीओ अनीता चंदोला, लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार, एनएच के एई विजय कुमार, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता भीम नरूला, अरविंद सेमवाल, पालिका सभासद गीता कुमांई, रणवीर कंडारी, गौरी थपलियाल, पवन थलवाल, सचिन गुहेर, अमित भटट, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव, आदि मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.