कैंपटी का सफरनामा के तहत अभिनंदन समारोह का हुआ आयोजन
मसूरी। ग्राम पंचायत सिया एवं बंग्लो की कांडी, कैंपटी में वेस्ट वॉरियर्स संस्था ने कैंपटी का सफरनामा के तहत अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पिछले चार वर्षों में कैंपटी क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन एवं सामुदायिक स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और सामूहिक प्रयासों को समर्पित रहा। कार्यक्रम में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। समारोह में जिला विकास अधिकारी असलम खान, उपजिलाधिकारी नीलू चावला, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, अनिशा नरूला,एवं हेमंत के साथ ही वेस्ट वॉरियर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल ने उपस्थित समुदाय को संबोधित किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी असलम खान को परियोजना डिजाइन एवं पंचायतों से वित्तीय सहयोग सुनिश्चित कराने के प्रयासों के लिए, एसडीएम नीलू चावला को सरकारी निधि उपलब्ध कराने में सहयोग हेतु, तथा ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार एवं ग्राम प्रधान सोनी पंवार को उनके नेतृत्व एवं सामुदायिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में पाँच विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। हाइजीन हीरो पुरस्कार सुन विलेज रेस्टोरेंट को स्वच्छ रसोई एवं सुरक्षित भोजन व्यवस्था के लिए, स्वच्छता सहयोगी पुरस्कार वीरेंद्र राणा को वेस्ट बैंक निर्माण हेतु मार्ग एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए, कंपोस्टिंग क्वीन पुरस्कार सविता थपलियाल को उनकी नवाचार पूर्ण घरेलू खाद निर्माण पद्धति के लिए, स्वच्छता के बलवान पुरस्कार महेश को निर्माण एवं लॉजिस्टिक सहयोग के लिए तथा सक्रिय नागरिक सम्मान दीपेंद्र पंवार को निरंतर सामुदायिक सहयोग हेतु प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कठपुतली कार्यक्रम रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से कठपुतली कला द्वारा वर्ष 2020 से लेकर वर्तमान तक कैंपटी की स्वच्छता यात्रा को दर्शाया गया। प्रस्तुति में उस समय की स्थिति दिखाई गई जब क्षेत्र में कोई व्यवस्थित कचरा प्रबंधन प्रणाली नहीं थी। कार्यक्रम के समापन पर लगभग 85 से अधिक समुदाय सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों, स्वच्छता समितियों, युवाओं एवं टीम कैंपटी की उपस्थिति में वेस्ट वॉरियर्स संस्था ने सभी नागरिकों से इस स्वच्छता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की। संस्था ने कहा कि कैंपटी का यह सामुदायिक मॉडल पूरे उत्तराखंड के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है।
