मोतीलाल नेहरू मार्ग बदहाल, कुछ ही समय पूर्व हुआ था मार्ग का सुधारीकरण

1 min read

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के व्यस्त मोतीलाल नेहरू मार्ग की खराब हालत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हाल ही में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई यह सड़क कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ गई है स्थानीय सभासद पवन थलवाल ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए पीडब्ल्यूडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभाग में काम से ज्यादा भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मसूरी में जहां-जहां निर्माण कार्य हो रहे हैं, उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है।
सभासद पवन थलवाल ने लाइब्रेरी चैक पर लगाए गए कोबल स्टोन के कार्य पर भी सवाल उठाए और कहा कि यह काम भी मानकों के अनुरूप नहीं है उन्होंने बताया कि मोतीलाल नेहरू मार्ग की स्थिति को लेकर कई बार स्थानीय जनता और उनकी ओर से पीडब्ल्यूडी को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सभासद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 से 10 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं की गई और अन्य कार्यों में सुधार नहीं हुआ, तो वह उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ी तो सड़क को दोनों ओर से बंद कर प्रदर्शन किया जाएगा। लगातार उठते सवालों के बीच यह मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है पर्यटन सीजन से ठीक पहले सड़कों की खराब स्थिति न केवल प्रशासन के लिए चुनौती है, बल्कि यह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.