मसूरी वन प्रभाग कार्यालय प्रांगण में जौनपुर विकासखंड के जनप्रतिनिधियों ने धरना दिया

मसूरी। मसूरी वन प्रभाग को समाप्त कर जौनपुर क्षेत्र को नरेंद्र नगर वन प्रभाग व मसूरी को देहरादून वन प्रभाग में शामिल किए जाने के प्रस्ताव का जौनपुर की जनता लगातार कड़ा विरोध कर रही है। इसी के तहत जौनपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने मसूरी वन प्रभाग कार्यालय प्रांगण में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया व चेतावनी दी कि यदि मसूरी वन प्रभाग को समाप्त किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा। मौके पर प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रदीप कवि] पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल  शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता पार्षद सुमेंद्र बोहरा ग्राम प्रधान श्वेता राणा ने कहा कि मसूरी वन प्रभाग सबसे पुराना है, नरेंद्र नगर जाना संभव नहीं है जबकि मसूरी में एक दिन में ही कार्य हो जाता था। अगर इस पर शीघ्र जनहित में निर्णय नहीं लिया गया तो महिलाए भी आंदोलन में प्रतिभाग करेंगी। वहीं दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में वन विभाग का पुनर्गठन हो रहा है, लेकिन मसूरी वन प्रभाग के लिए यह संभव नहीं है मसूरी व आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए मसूरी उचित है नरेंद्र नगर बहुत दूर पडेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संवेदनशील है, जनता ने यह बात उठायी व जनभावना का ध्यान रख निर्णय लेगी। धरना देने वालों में अंशुल पंवार, बिजला देवी, राखी रावत, मुकेश पंवार, सुनील रौछेला, सुरेद्र रावत, रोशन वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमारी अग्रवाल, नवीन शाह, जगत लाल डोगरा, कमल रावत, रितेश रावत, टीकम चौहान आदि थे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.