डीएवी कॉलेज में लगेगा 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज, हुआ भूमि पूजन

1 min read

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज, देहरादून परिसर में 30 लाख रुपये की लागत के 100 फीट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना के लिए विधिवत भूमि पूजन किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। युवाओं में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस ध्वज की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज़ादी का अमृत महोत्सव देश के स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने एक कार्यक्रम के दौरान डी.ए.वी. कॉलेज परिसर में 100 फीट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की घोषणा की थी। उसी घोषणा को पूरा करते हुए आज भूमि पूजन संपन्न कराया गया। मंत्री जोशी ने कॉलेज प्रबंधन को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय ध्वज आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और छात्रों में राष्ट्रसेवा की भावना को और प्रबल करेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण भी किया।
इस अवसर पर राजपुर विधायक खजान दास, प्राचार्य डॉ. कौशल कुमार, प्रबंधन सचिव मानवेंद्र स्वरूप, डॉ.विनीत विश्नोई, छात्र संघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महासचिव करन नेगी, पार्षद योगेश, डॉ बबीता  सहोत्रा सहित कॉलेज प्रशासन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.