उधम सिंह नगर में फर्जी आरटीओ ऑफिस का भंडाफोड़

1 min read

देहरादून। आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के पास से पकड़ा। आरोपी जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास अपनी निजी गाड़ियों में बैठकर अवैध रूप से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे। दो गाड़ियों में बैठकर फर्जीवाड़े का नेटवर्क चला रहे थे और सरकारी फीस से ज्यादा रकम वसूलते थे। साथ ही डुप्लीकेट आरसी और डीएल बनवाने का भी खुलासा हुआ है।
एसटीएफ के मुताबिक, लंबे समय से सरकारी विभागों की आड़ में आम लोगों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ इनपुट जुटाए जा रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आरटीओ कार्यालय के पास दो अलग-अलग वाहनों में कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान दो अलग-अलग वाहनों की तलाशी ली गई। एक वाहन में प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया।
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इसके बाद सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। दोनों आरोपी अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए थे। एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, आरसी के साथ आधार और पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और दो वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.