मसूरी के जल, जंगल, जमीन और स्थानीय रोजगार के लिए बने ठोस नीति

1 min read

मसूरी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र जुगराण ने मसूरी के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए जल, जंगल, जमीन, स्थानीय रोजगार और यातायात जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस नीति बनाने की आवश्यकता जताई है। उन्होंने संबंधित विभागों से इन विषयों पर बिंदुवार कार्ययोजना तैयार करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है।
उन्होंने कहा कि मसूरी केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि संवेदनशील हिमालयी नगर और हजारों स्थानीय नागरिकों का घर है। इसलिए यहां विकास की योजनाएं बनाते समय केवल पर्यटन से होने वाली आमदनी और नई परियोजनाओं को आधार नहीं बनाया जा सकता। यह भी देखना जरूरी है कि विकास की पर्यावरणीय कीमत कौन चुका रहा है और स्थानीय निवासियों को उसका कितना लाभ मिल रहा है।
जल, जंगल और जमीन का संरक्षण जरूरी
जुगराण ने कहा कि मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में प्राकृतिक जलस्रोतों, वन भूमि, चारागाहों और संवेदनशील पहाड़ी ढलानों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया जाना चाहिए। अवैध खनन, पहाड़ों की कटाई, वन भूमि पर अतिक्रमण और पेड़ों के अनियंत्रित कटान पर प्रभावी कार्रवाई हो। पुराने प्राकृतिक जलस्रोतों और धाराओं को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष योजना बनाई जाए।
पेयजल की उपलब्धता का हो आकलन
उन्होंने कहा कि मसूरी में होटल, रिसॉर्ट और आवासीय परियोजनाओं की बढ़ती संख्या के साथ पानी की मांग भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में प्रत्येक बड़ी परियोजना के लिए जल उपलब्धता का आकलन और पानी की खपत का लेखा-परीक्षण अनिवार्य किया जाना चाहिए। स्थानीय नागरिकों की पेयजल आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
स्थानीय युवाओं को मिले रोजगार में प्राथमिकता
उन्होंने पर्यटन और होटल उद्योग में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की नीति बनाने की मांग की। साथ ही स्थानीय टैक्सी संचालकों, गाइड, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बड़ी पर्यटन परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं और उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्पष्ट प्रावधान होने चाहिए।
यातायात और पार्किंग की समस्या का हो समाधान
जुगराण ने कहा कि बढ़ते वाहनों और पर्यटकों के दबाव को देखते हुए मसूरी की वैज्ञानिक वहन क्षमता निर्धारित करना आवश्यक है। शहर के बाहर व्यवस्थित पार्किंग, शटल परिवहन और स्थानीय निवासियों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था की जाए। स्कूल बसों और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए विशेष यातायात प्रबंधन किया जाए। रोपवे, सड़क और पार्किंग परियोजनाओं के पर्यावरणीय एवं यातायात प्रभावों को भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
अनियंत्रित निर्माण पर लगे प्रभावी रोक
उन्होंने कहा कि मसूरी के संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित ढलानों और जलस्रोतों के आसपास हो रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा होनी चाहिए। होटल, रिसॉर्ट और आवासीय परियोजनाओं की स्वीकृतियों, वास्तविक निर्माण, पर्यावरणीय शर्तों और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का लेखा-परीक्षण कराया जाए। विकास योजनाएं मसूरी की भौगोलिक सीमाओं और पर्यावरणीय क्षमता को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने सरकार से अपेक्षा की कि सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय कर प्रत्येक विषय पर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए और उसकी प्रगति सार्वजनिक की जाए। मसूरी के भविष्य से जुड़े निर्णयों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मसूरी को बचाने का अर्थ विकास रोकना नहीं, बल्कि ऐसा संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, जिसमें प्रकृति का संरक्षण, स्थानीय लोगों के अधिकार, रोजगार और पर्यटन के बीच उचित सामंजस्य बना रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.