चिल्ड्रंस एकेडमी प्ले स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया

1 min read

मसूरी। चिल्ड्रंस एकेडमी प्ले स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आयोजित क्रिसमस मेले ने भी आकर्षण बढ़ाया, जिसमें बच्चों के साथ अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
वार्षिकोत्सव में बच्चों ने ट्राइबल डांस, जुम्बा, फेलिज नविदाद, बूम्बस्टिक और भावपूर्ण गुडबाय डांस प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की संस्थापिका जून मिश्रा के भाई एवं वाइनबर्ग एलन स्कूल के शिक्षक रहे सर जॉन बसु को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि वाइनबर्ग एलन स्कूल की प्रधानाध्यापक शालिनी मणि ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रंस एकेडमी में बच्चों को पढ़ाई के साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी प्रतिभा को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को मसूरी के प्रतिष्ठित विद्यालयों में प्रवेश पाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों को सराहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नैंसी मॉरिस ने कहा कि स्कूल में बच्चों को घर जैसा वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। पढ़ाई के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्कूल के प्रति लगाव इस बात से भी जाहिर होता है कि वे अवकाश के दिनों में भी स्कूल आने की जिद करते हैं। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित करना है।
इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। बेस्ट ऑलराउंडर श्रेणी में रुद्रांश सजवान, दिव्या पंवार और कार्तिक रावत को पुरस्कार दिया गया। पूर्ण उपस्थिति के लिए कार्तिक पंवार, प्रेशा सिंह और देव पंवार को सम्मानित किया गया। बेस्ट यूनिफॉर्म श्रेणी में जैन अली, रुद्रवीर कोठियाल और रुद्राक्षी तथा बेस्ट हैंडराइटिंग के लिए काइलर मैक्सवेल सिलास, मालविका दयाल और श्रेया उनियाल को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में संगीत टीम के ऋषभ, धीरज और वनेसा ने भी योगदान दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मार्क ओहर, एम्बर कंवर, श्रीधर, अजय मार्क, ग्रीन सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और अतिथि मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.