इनरव्हील क्लब ने दो जरूरतमंद बेटियों की शादी में बढ़ाया मदद का हाथ
1 min read
मसूरी। इनरव्हील क्लब ने सामाजिक सरोकारों के तहत मसूरी के निकटवर्ती क्षेत्र की दो जरूरतमंद बेटियों की शादी के लिए घरेलू सामान और शगुन की राशि प्रदान की। कुलड़ी स्थित एक होटल परिसर में आयोजित सादे समारोह में क्लब की सदस्यों ने दोनों बेटियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट कर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस मौके पर क्लब अध्यक्ष किरन त्रिपाठी ने बताया कि इनरव्हील क्लब प्रत्येक शादी के मौसम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की ऐसी बेटियों की मदद करता है, जिनके परिजन आर्थिक कठिनाइयों के कारण विवाह का खर्च उठाने में सक्षम नहीं होते। इसके लिए जरूरतमंद परिवार क्लब में आवेदन करते हैं। क्लब की ओर से पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि इस पुनीत कार्य के लिए क्लब की सदस्य स्वयं अपने खर्च से सामान खरीदती हैं और किसी बाहरी व्यक्ति या संस्था से सहयोग नहीं लिया जाता।
उन्होंने बताया कि इस बार जिन दो बेटियों को सहायता दी गई है, उन्हें गृहस्थी के उपयोग के लिए दो-दो गद्दे, बिस्तर की चादरें, साड़ियां, सूट, कुकर, भोजन के बर्तन, सजावट एवं श्रृंगार का सामान तथा अन्य उपहार प्रदान किए गए। इसके साथ ही दोनों परिवारों को आटा, चावल, दालें, तेल, मसाले, चीनी, बेसन और चायपत्ती सहित आवश्यक राशन भी दिया गया। क्लब की ओर से दोनों बेटियों को शगुन की राशि भी भेंट की गई।
इस अवसर पर किरन त्रिपाठी, हर्षदा वोहरा, मनीषी सिंघल, रश्मि कर्णवाल, जैजयंती कर्णवाल, सारिका अग्रवाल, अनीता डबराल, अनु गर्ग, रीता जैन सहित दोनों बेटियां और उनके परिजन मौजूद रहे।
