सिल्वरटन पार्किंग में गूंजे छठी मैया के गीत, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

1 min read

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में लोक आस्था, शुद्धता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल के तत्वावधान में मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में सिल्वरटन पार्किंग में छठ पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
छठ पर्व के अवसर पर पूजा स्थल पर आस्था का विशेष दृश्य देखने को मिला। व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालु कई मीटर तक जमीन पर दंडवत होकर पूजा स्थल पहुंचे। इनमें महिलाओं की संख्या भी शामिल रही। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और कठिन व्रत के प्रति समर्पण ने सभी को भावविभोर कर दिया। पूजा के बाद आतिशबाजी भी की गई।
मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई थी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पर्व प्रकृति, सूर्य उपासना, जल संरक्षण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी संस्कृतियों और परंपराओं के सम्मान एवं संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। देवभूमि उत्तराखंड में पूर्वांचल समाज सहित सभी वर्गों की धार्मिक आस्था और परंपराओं का पूरा सम्मान किया जाता है।
कार्यक्रम में जगजीत कुक्रेजा, सलीम अहमद, शिव अरोड़ा, उज्ज्वल नेगी, राजकिशोर, प्रमोद कुमार, लखन, शिवराम, धर्मेंद्र, रेवकी शर्मा, सीता पंवार, सोनल अग्रवाल, आरती, कविता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.