अल्ट्रा मैराथन के प्रचार को लेकर मसूरी में दौड़े धावक, 29 नवंबर को होगा आयोजन
मसूरी। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाली मसूरी अल्ट्रा मैराथन के प्रचार और तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से रविवार को तीन और पांच किलोमीटर की प्रचारात्मक दौड़ आयोजित की गई। शहीद भगत सिंह चौक से शुरू हुई इस दौड़ में बड़ी संख्या में धावकों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ के माध्यम से लोगों को अल्ट्रा मैराथन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सुबह सभी प्रतिभागी क्रॉसफिट में एकत्र हुए, जिसके बाद शहीद भगत सिंह चौक से दौड़ प्रारंभ की गई। दौड़ ग्रीन चौक, कैमल बैक रोड, आंबेडकर चौक, मालरोड और शहीद स्थल होते हुए पुनः पिक्चर पैलेस स्थित भगत सिंह चौक पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों में युवाओं के साथ ही अन्य आयु वर्ग के लोगों ने भी उत्साह दिखाया।
इससे पूर्व अल्ट्रा मैराथन के सफल आयोजन को लेकर आयोजकों और सहयोगी संस्थाओं की बैठक हुई। मैराथन का प्रबंधन देख रहे अरिंदम बहल ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक साढ़े चार सौ से अधिक धावक पंजीकरण करा चुके हैं और उम्मीद है कि 29 नवंबर तक यह संख्या आठ सौ के करीब पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 50 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन के साथ 42.2, 21.1, 10 और पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मैराथन का मार्ग निर्धारित कर लिया गया है। इस बार भारतीय मैराथन संघ की टीम ने भी मसूरी पहुंचकर निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया है। इसका उद्देश्य भविष्य में मसूरी अल्ट्रा मैराथन को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से जोड़ना है।
आयोजक संदीप साहनी ने बताया कि मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मसूरी स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक समिति, क्रॉसफिट सहित विभिन्न संस्थाओं ने आयोजन में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। धावकों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। दौड़ के दौरान संत निरंकारी मिशन के स्वयंसेवक, पुलिस और आईटीबीपी के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। प्रत्येक पांच किलोमीटर पर पेयजल और अल्पाहार के स्टॉल लगाए जाएंगे।
चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए मैक्स अस्पताल, लंढौर सामुदायिक अस्पताल और उप जिला चिकित्सालय की टीमें एंबुलेंस के साथ तैनात रहेंगी। धावकों का चिकित्सकीय परीक्षण भी किया जाएगा। इसके अलावा दौड़ मार्ग पर एक चिकित्सा केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां चिकित्सक आवश्यक उपकरणों और दवाओं के साथ उपलब्ध रहेंगे। बैठक में पूर्व आईजी मनोरंजन त्रिपाठी, रजत कपूर, अजय मार्क, बीएस नेगी, सूरत सिंह रावत, बिजेंद्र पुंडीर, रूपचंद, विजय जुगराण, गंगा सिंघल, सौरभ सोनकर, कविता नेगी, सुरेश गोयल, शैलेंद्र बिष्ट, जबसीर कौर सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
