तीरथ सिंह रावत ने किया युवा लेखक शुभ बिश्नोई की पुस्तक ‘राष्ट्रव्रत’ का लोकार्पण

मसूरी। मालरोड के कुलड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल के सभागार में युवा लेखक शुभ बिश्नोई की पुस्तक ‘राष्ट्रव्रत’ का लोकार्पण पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रवक्ता एवं मसूरी विधानसभा प्रभारी विनय गोयल और संजय बिश्नोई ने संयुक्त रूप से किया। पुस्तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विस्तारकों के जीवन, संघर्ष और समाज व राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर आधारित है।

इस अवसर पर लेखक शुभ बिश्नोई ने कहा कि पुस्तक में उन्होंने संघ के विस्तारक के रूप में किए गए कार्यों, इस दौरान सामने आई चुनौतियों और अपने अनुभवों को विस्तार से साझा किया है। संघ से जुड़ने के बाद उनके सोचने और समाज व जीवन को देखने का नजरिया बदला। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्रव्रत’ का अर्थ राष्ट्र के प्रति ऐसा संकल्प है, जो केवल शब्दों तक सीमित न रहकर व्यक्ति के कर्म, आचरण, विचार और चरित्र में दिखाई दे।

मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने कहा कि शुभ बिश्नोई ने कम उम्र में संघ के विस्तारकों के जीवन पर पुस्तक लिखकर सराहनीय कार्य किया है। उनका परिवार भी लंबे समय से संघ से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि संघ ने उस दौर में काम किया, जब परिस्थितियां बेहद प्रतिकूल थीं और देश में वामपंथी विचारधारा का प्रभाव था। ऐसे समय में संगठन के लिए काम करना आसान नहीं था। आज संघ देश ही नहीं, बल्कि विश्व के सबसे बड़े संगठनों में अपनी पहचान बना चुका है।

भाजपा के मसूरी विधानसभा प्रभारी विनय गोयल ने कहा कि वह संघ के शुरुआती पांच स्वयंसेवकों में शामिल परिवार से आते हैं और इसे अपना सौभाग्य मानते हैं। संघ से ही उनके विचारों को दिशा मिली। उन्होंने कहा कि संघ को समझने के लिए उसके विचारों और कार्यपद्धति को समझना जरूरी है। संघ के प्रचारक और विस्तारक देश व समाज के लिए समर्पित भाव से काम करते हैं। जिस देश ने हमें सब कुछ दिया है, उसके लिए भी प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। इसी भावना से भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।

पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने शुभ बिश्नोई को पुस्तक लेखन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने संघ के साथ काम करते हुए अपने अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से साझा किया है। यह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि संघ को लेकर समाज में प्रचलित धारणाओं और मिथकों को समझने में भी यह पुस्तक सहायक हो सकती है। इस अवसर पर संजय बिश्नोई, अंकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, जगजीत कुकरेजा, अरविंद सेमवाल, पुष्पा पडियार, प्रमिला नेगी, अनिल गोयल, अनुज तायल, शिवानी भारती, ज्ञान गोयल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.