अंकिता भंडारी हत्याकांडः पुलकित आर्य के पिता ने दावा किया की अंकिता की हत्या नही हुई

1 min read

हरिद्वार । अंकिता भंडारी मामले में आजीवन कारावास काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने प्रेस वार्ता के दौरान अंकिता और उसके ब्वॉयफ्रेंड पुष्प की चैट के हिस्से मीडिया के सामने रखे। इस दौरान दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई।
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य रविवार को अपने अधिवक्ता के साथ मीडिया के सामने आए। उन्होंने दावा किया कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि यह हत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसे हत्या का रूप दिया गया है। साथ ही उन्होंने अंकिता के अपने माता-पिता के साथ संबंधों को लेकर भी कई दावे किए।
हरिद्वार प्रेस क्लब में विनोद आर्य ने अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में अंकिता और उसके प्रेमी पुष्प की 4085 पेज की चैट उन्हें वर्ष 2023 में न्यायालय से प्राप्त हुई थी। मामले में ट्रायल चलने के कारण वह अब तक इस संबंध में कुछ नहीं बोल सके।उन्होंने दावा किया कि यह चैट चार्जशीट में भी शामिल थी, लेकिन इसकी अनदेखी की गई। चैट से पता चलता है कि अंकिता और उसका प्रेमी शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों की जाति अलग होने के कारण उनके माता-पिता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से प्रताड़ित होकर अंकिता घर छोड़कर चली गई थी।मामले में वीआईपी की भूमिका के सवाल पर अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने कहा कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह हत्या नहीं है, बल्कि इसे हत्या का मामला बनाया गया है। उन्होंने मीडिया को दिए साक्षात्कार में आरोपियों को फांसी तक पहुंचाने की बात कही थी। अधिवक्ता ने दावा किया कि इससे कहीं न कहीं न्यायालय पर भी दबाव बना था।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.