मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के खेल दिवस में गायत्री सदन ने मारी बाजी

1 min read

मसूरी। मसूरी इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक खेल दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। सदनवार प्रतियोगिताओं में गायत्री सदन ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि लक्ष्मी सदन द्वितीय और संतोषी सदन तृतीय स्थान पर रहे। खेल दिवस के दौरान छात्राओं ने खेल भावना के साथ स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया।
विद्यालय में वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विद्यालय की प्रार्थना के साथ हुआ। समारोह में भारतीय संस्कृति और आधुनिक खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू बब्बर का स्वागत उपप्रधानाचार्य जितेंद्र दास ने किया। मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया तथा खेल मशाल खेल कप्तान को सौंपकर प्रतियोगिताओं की औपचारिक घोषणा की।
इसके पश्चात खेल कप्तान ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता की शपथ दिलाई। समारोह का पहला आकर्षण छात्राओं का शानदार मार्च-पास्ट रहा। अनुशासित कदमताल, आत्मविश्वास और एकरूपता से सजी छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों में 100, 200 और 400 मीटर की दौड़ आयोजित की गई। छात्राओं ने प्रत्येक स्पर्धा में अद्भुत उत्साह, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में जूनियर वर्ग की तनवी मक्कर तथा सीनियर वर्ग की तंवी कात्यायन ने शानदार प्रदर्शन कर विशेष पहचान बनाई। समारोह में जुम्बा, बाधा दौड़, कराटे और मार्शल आर्ट की रोमांचक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। वहीं, योग प्रदर्शन समारोह का विशेष आकर्षण रहा। छात्राओं ने योग के माध्यम से शारीरिक संतुलन, मानसिक एकाग्रता और अनुशासन का प्रभावशाली परिचय दिया।
समापन समारोह में प्रधानाचार्या शालू बब्बर ने कहा कि इक्कीसवीं सदी बालिकाओं की उपलब्धियों और सामर्थ्य की सदी है। आज बालिकाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। मसूरी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं का आत्मविश्वास, योग्यता और अनुशासन इस बात का प्रमाण है कि देश का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की शिक्षा एवं संस्कृति भारतीय परंपराओं के गौरवशाली मूल्यों को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ जोड़कर छात्राओं के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर रही है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के समर्पित योगदान की भी सराहना की। खेल दिवस ने छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत किया। इस मौके पर अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.