श्रीनगर में मुख्यमंत्री के स्वागत को सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्रीयंत्र टापू, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए 9.13 करोड़ की 9 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। श्रीनगर पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की और 51 पर्यावरण मित्र, महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2,01,530 का चेक वितरित किए। इस पहल के माध्यम से महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज श्रीनगर के विकास को नई गति देने की दिशा में 9 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा, ये योजनाएं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका संकल्प एक ऐसे सशक्त राष्ट्र के निर्माण का था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो तथा राष्ट्रहित ही प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य हो।
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार, प्रदेश को विकास, सुशासन और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा आज पौड़ी जिले में ही करोड़ों की योजनाओं पर काम चल रहा है। चार धाम यात्रा में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हो रही है। जिसका प्रत्यक्ष लाभ यहां के स्थानीय निवासियों को मिल रहा है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.