वित्तीय स्थिति में सुधार और लंबित देनदारियों के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश

1 min read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों निगमों की वर्तमानवित्तीय स्थिति, लंबित देनदारियों, वित्तीय चुनौतियों तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में यूपीसीएल एवं पिटकुल के प्रबंध निदेशकों द्वारा निगमों की वर्तमान वित्तीय स्थिति एवं वित्तीय चुनौतियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। इस दौरान निगमों की वित्तीय स्थिति में सुधार लाने, लंबित देनदारियों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा आवश्यक वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अनुपूरक बजट में अतिरिक्त मांगों के सापेक्ष स्वीकृति, सरकारी कार्यालयों के लंबित विद्युत बिलों के भुगतान, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के विभाजन से संबंधित परिसंपत्तियों एवं देनदारियों के विवरण तथा उपाकालि द्वारा कराए जा रहे ईपीसी कार्यों के सापेक्ष लंबित धनराशि की व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दैवीय आपदा से संबंधित कार्यों के भुगतान, सरकारी कार्यालयों में  प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के लिए बजट की व्यवस्था तथा प्रदेश में बिजली की मांग में वृद्धि के दृष्टिगत शीतकालीन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधानों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने निगमों की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने तथा लंबित भुगतान से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने  के निर्देश दिये।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.