मेहंदी और रंगोली में छात्राओं ने बिखेरे रचनात्मकता के रंग
मसूरी। एमपीजी कॉलेज में सांस्कृतिक समिति की ओर से मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. रुचि बडोनी सेमवाल के निर्देशन में हुई प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का परिचय दिया। इसमें अंकिता एवं अर्चना की जोड़ी ने प्रथम, अंजलि पवार एवं गार्गी ने द्वितीय तथा मुस्कान एवं रूपाली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में सिमरन खैरा ने प्रथम, महक ने द्वितीय तथा रब्बी जिकरा एवं आयशा जमाल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शालिनी गुप्ता ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनसे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कलात्मक अभिरुचि और रचनात्मक सोच विकसित होती है। साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है। प्रतियोगिता में डॉ. तुषार कंडारी, डॉ. भारतेंदु बिष्ट, अनिल एवं विनोद कंडारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. वर्षा, दीपिका टॉक, नीलम कोठारी, डॉ. दिनेश जैशाली, छात्रसंघ अध्यक्ष वेदांत थापली, अनुज पंवार सहित छात्रसंघ के अन्य पदाधिकारी और महाविद्यालय के सदस्य उपस्थित रहे।
