पर्यटकों से गुलजार हुई मसूरी, 70 प्रतिशत तक पहुंचे होटलों के कमरे
1 min read
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लंबे वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद से पर्यटन कारोबार में रौनक लौट आई है। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों से लेकर मालरोड तक सैलानियों की चहल-पहल बनी रही। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल कारोबारियों, दुकानदारों, टैक्सी संचालकों और अन्य पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, होटलों में बुकिंग बढ़ने से कारोबार को अच्छा सहारा मिला है।
रामनवमी के अवकाश और वीकेंड के चलते मसूरी के साथ ही धनोल्टी, काणाताल, बुरांशखंडा और कैंपटी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। छुट्टियों का आनंद लेने आए सैलानियों ने सुहावने मौसम और पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठाया। पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना भी तैयार की।
दिन के समय पर्यटकों ने लाल टिब्बा, धनोल्टी, सुरकंडा देवी मंदिर, कैंपटी फॉल, अटल उद्यान, जॉर्ज एवरेस्ट, बुद्धा टेंपल, दलाई हिल, गन हिल और भट्टा फॉल सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख किया। इन स्थानों पर पर्यटकों की आवाजाही से रौनक बनी रही।
शाम होते ही मालरोड का नजारा और भी आकर्षक हो गया। लाइब्रेरी चैक से झूलाघर और पिक्चर पैलेस तक पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। ठंडी हवाओं के बीच सैलानी गर्म कपड़े पहनकर मालरोड पर घूमते और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते नजर आए। ठंड बढ़ने के साथ ही चाय, पकौड़ों, गर्म दूध और जलेबी की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। गर्म कपड़ों की दुकानों पर खरीदारी बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ मिला। वहीं, रिक्शा और टैक्सी संचालकों सहित पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों का काम भी अच्छा चला।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि लंबे वीकेंड के चलते मसूरी में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, होटलों में लगभग 70 प्रतिशत तक कमरे भर चुके हैं और बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बरसात के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन कारोबार को मजबूती मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छुट्टियों के इस दौर में दशहरे तक पर्यटन गतिविधियां बनी रहेंगी और कारोबारियों को अच्छा व्यवसाय मिलेगा। लंबे वीकेंड ने एक बार फिर मसूरी के पर्यटन कारोबार में नई ऊर्जा का संचार किया है।
