सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की हुई बैठक

मसूरी। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री संतोष गौरव ने टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कर्मचारियों की समस्याओं, विभागीय कार्यप्रणाली और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने और शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, वन विभाग, जल संस्थान, नगर पालिका, पुलिस और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों से विभागीय जानकारी ली गई। आयोग के उपाध्यक्ष ने नगर पालिका के अधिकारियों को संविदा एवं बाह्य सेवा के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों के भविष्य निधि संबंधी प्रावधानों का नियमानुसार पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान कर्मचारी और सेवा प्रदाता संस्था के अंशदान को लेकर भी चर्चा की गई।
संतोष गौरव ने पर्यावरण मित्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कर्मचारियों से पूछा कि उन्हें कितना वेतन मिल रहा है, क्या उन्हें नियमित रूप से आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं और क्या कार्य के दौरान पहनने के लिए वर्दी दी जाती है। उन्होंने संबंधित विभागों को कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा।
बैठक में मृतक आश्रितों की नियुक्ति का मामला भी सामने आया। आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षित मृतक आश्रितों को नियुक्ति देने के संबंध में शासनादेशों और निर्धारित नियमों का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले की नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में अनुपस्थित रहने वाले विभागों को नोटिस जारी किया जाएगा और इसकी जानकारी शासन एवं सरकार को दी जाएगी। भविष्य में आयोग की बैठकों में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी कार्रवाई के लिए भी संस्तुति की जाएगी। संतोष गौरव ने बताया कि अगले दिन सुबह कुलड़ी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रजनीश डोबरियाल, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष उपाध्याय, नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा, प्रभारी वनाधिकारी महेंद्र सिंह चैहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र राठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नगर पालिका के पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.