कुंजापुरी मेले में पहुंचे नरेंद्रनगर महाविद्यालय के विद्यार्थी, सीखा व्यावहारिक प्रशिक्षण

नरेंद्रनगर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार, अर्थशास्त्र और गृहविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने 50वें मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण, क्षेत्रीय सर्वेक्षण, स्थानीय व्यापार और खाद्य पदार्थों की स्वच्छता से संबंधित जानकारियां जुटाईं। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने मेला परिसर में लगे विभिन्न पंडालों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध उत्पादों, सेवाओं और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विभाग प्रभारी डॉ. सृचना सचदेवा ने कहा कि पत्रकारिता में रिपोर्टिंग का विशेष महत्व है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को समाचार संकलन, फोटोग्राफी और संचार कौशल की बारीकियां सीखने के साथ वास्तविक परिस्थितियों में काम करने का अवसर मिलता है।
अर्थशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने कुंजापुरी मेले का नरेंद्रनगर के स्थानीय व्यापार पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन करने के लिए क्षेत्रीय सर्वेक्षण किया। विभाग प्रभारी डॉ. सुधा रानी ने बताया कि मेले में विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को नजदीक से देखने और समझने के साथ विद्यार्थियों को आंकड़े एकत्र करने का व्यावहारिक अनुभव मिलता है। वहीं, गृहविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने मेले में लगे खाद्य पदार्थों के स्टॉलों पर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा की स्थिति का अध्ययन किया। विभाग प्रभारी डॉ. सोनी तिलारा ने बताया कि विश्व खाद्य दिवस प्रत्येक वर्ष 16 अक्टूबर को मनाया जाता है। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक स्वच्छता के महत्व को समझाना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मंडुए के मोमो, चाट, पकौड़े और अन्य स्थानीय व्यंजनों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया। गतिविधि में डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल, विशाल त्यागी, सोनिया, ऋषिता, रंजना, कल्पना, हिमानी, जय, निशा, निकिता, दिशा, राकेश, आयुषी गंगोटी, शालू, वंशिका सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.