चामासारी में क्षतिग्रस्त मार्ग और पुल निर्माण का मुद्दा गरमाया, मंत्री गणेश जोशी से मिले ग्रामीण

1 min read

मसूरी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा चामासारी में सड़क और पुल निर्माण से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्राम प्रधान विक्रम रावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की।
ग्राम प्रधान विक्रम रावत ने मंत्री को बताया कि चामासारी गांव में विकास कार्य हो रहे हैं और बार्लोगंज-चामासारी सड़क का निर्माण कार्य भी गतिमान है। हालांकि, क्षेत्र के कई मार्गों और पुलों से संबंधित समस्याओं के कारण ग्रामीणों को अब भी आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मौसी फॉल में पुल निर्माण, चामासारी मार्ग के तीन किलोमीटर हिस्से का निर्माण तथा खेतवाला मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि चामासारी से खेतवाला जाने वाला एकमात्र मार्ग लोक निर्माण विभाग की ओर से की गई कटिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से मार्ग पर सुरक्षा संबंधी समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक पुश्ता निर्माण का कार्य नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग से पुश्ता निर्माण की मांग की गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड आपदा न्यूनीकरण विभाग को भी पत्र भेजकर भूस्खलन प्रभावित स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराने और विशेषज्ञों की मदद से उपचारात्मक कार्य करवाने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से लोक निर्माण विभाग के माध्यम से मार्ग पर पुश्ता निर्माण और सीसी सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति दिलाने तथा बजट आवंटित कराने का अनुरोध किया, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके। इस दौरान ग्राम प्रधान विक्रम रावत, सुनील सजवाण, प्रदीप, मोहन, कुंवर रावत, अर्जुन शर्मा, विकास रावत, विपिन रावत, कौशिक जेरवाण, मोहित, रोहित, संजीव, राजेंद्र, विजय, गब्बर पंवार, रमेश, विनोद रावत, भूपेंद्र रावत, हैप्पी सिंह, मनजीत, वीर सिंह, नरू थापा और आशीष पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.