मंत्री खजान दास ने सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिये

1 min read

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विधान सभा स्थित कार्यालय कक्ष में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत लम्बित गतिमान कार्यों के संबंध में संयुक्त विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। मंत्री ने राजपुर रोड विधानसभा में नगर निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों जैसे सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई, फॉगिंग आदि को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कुड़ा उठान तथा नालियों की सफाई को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम के कार्यों में संतुष्टता नजर नहीं आ रही है। सफाई के लिए बार-बार बोलना पड़ रहा है जिससे जनता को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश दिये।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्डा मुक्त किये जाने के निर्देश का सख्ती से पालन करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से सड़कों को गड्डा मुक्त करने के लिए शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये।
मंत्री ने यूपीसीएल के अधिकारियों से विद्युत लाइनों को भूमिगत किये जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि सभी कार्य ससमय पूर्ण कर लिये जाएं। उन्होंने चैराहों के सौन्दर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी निर्माण, सीवर लाईन निर्माण कार्य, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज निर्माण कार्य, पेयजल कार्यों, परेड ग्राउण्ड तथा पलटन बाजार के लम्बित कार्यों तथा अन्य विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा करते हुए कहा कि सभी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
मंत्री ने बैठक में शामिल न होने वाले दो विभागों स्मार्ट सिटी तथा पेयजल निगम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उक्त दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हमें अपने घर, आस-पड़ोस, शहर तथा अपने राज्य से इसकी शुरूआत करनी होगी। इस अवसर पर बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डे तथा नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.