समाधान दिवस में 140 से अधिक शिकायतें दर्ज

1 min read

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान 140 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, आपसी विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, आर्थिक सहायता, मुआवजा भुगतान, भूमि पैमाइश एवं अवैध निर्माण से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए। समाधान दिवस में 73 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक रामप्यारी गोदियाल ने पारिवारिक उत्पीड़न, गाली-गलौज, मारपीट एवं घर से निकाले जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि पुत्रवधू एवं पौत्र द्वारा आए दिन उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है तथा मकान उनके नाम करने के लिए दबाव बनाया जाता है। उन्होंने अपनी सुरक्षा एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा वरिष्ठ नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.