भारी बारिश के अलर्ट के चलते चारधाम, कैलाश व ओम पर्वत यात्रा रोकी गई

1 min read

देहरादून। उत्तराखंड में जाता हुआ मॉनसून भी जमकर तबाही मचा रहा है। प्रदेश में बारिश से हाल बेहाल हो रखा है। रविवार को लिए मौसम विभाग ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की तरफ से जारी चेतावनी के अनुसार देहरादून, टिहरी और पौड़ी गढ़वाल में बहुत भारी बारिश होने के आसार है। इसीलिए इन जिलों में मौसम विभाग ने रेल अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट किया है।
मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए फिलहाल चारधाम यात्रा को भी रोका गया है। केदारनाथ हेली सेवा भी बंद हैं। सरकार और प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए धारचूला तहसील प्रशासन ने आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के लिए शनिवार को इनर लाइन परमिट (आईएलपी) जारी नहीं करने का निर्णय लिया है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान खासकर पहाड़ी इलाकों में लोगों से सफर न करने की अपील की है। क्योंकि भारी बारिश में पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए जितना हो सके पहाड़ों पर सफर करने से बचें।
वहीं नदी-नाले के आसपास रहने वालों को भी मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की अपील की है। क्योंकि पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जल स्तर अचानक से बढ़ने का खतरा बना रहा है। इसलिए जितना हो सके, बरसात के दौरान नदी-नालों से दूर रहें। वहीं, मौसम विभाग के रेन अलर्ट को देखते हुए पुलिस-प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने पहले ही अपनी कमर कस रखी है। संवेदनशील क्षेत्रों में एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। साथ ही जिन इलाकों में लैंडस्लाइड के कारण रास्ते बंद होने की आशंका सबसे ज्यादा रहती है, वहां पर भी जेसीबी को तैनात कर दिया है। इसके हर जिले में आपदा कंट्रोल रुम से नजर रखी है। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई थी। बारिश के कारण कई शहरों में तो बाढ़ जैसे हालात बन गए थे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.