मास्टर नवीन स्मृति चित्रकला प्रतियोगिता में ओकग्रोव स्कूल का रहा दबदबा
मसूरी। लायंस क्लब मसूरी हिल्स के तत्वावधान में मास्टर नवीन शर्मा स्मृति कला प्रतियोगिता का आयोजन महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में ओकग्रोव स्कूल ने छह पुरस्कार जीतकर ओवरऑल रनिंग ट्रॉफी अपने नाम की।
मुख्य अतिथि पूर्व डीआईजी एवं हिमालयन साहसिक संस्थान के निदेशक एसपी चमोली ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने कहा कि कला बच्चों में कल्पनाशीलता को विकसित करने के साथ ही उनकी प्रतिभा को सामने लाने का माध्यम है। उन्होंने लायंस क्लब मसूरी हिल्स की ओर से प्रतिवर्ष चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करने की सराहना की।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सुरभि रावत, सृष्टि कर्णवाल और माधुरी शर्मा ने निभाई। ग्रुप ए में ओकग्रोव की पुष्पा रानी ने प्रथम, अतुल्य सार्थक ने द्वितीय और अराध्या आनंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप बी में सोनाक्षी प्रिया ने प्रथम और रेथम गुप्ता ने द्वितीय स्थान हासिल किया। ग्रुप सी में ओकग्रोव के हृतिक राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज रहा। प्रतियोगिता में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर, ओकग्रोव स्कूल, सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, संस्कृत विद्यालय, रमा देवी नारायण दास भार्गव इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, लॉर्ड लक्ष्मी नारायण फाउंडेशन स्कूल तथा जूनियर और प्राथमिक विद्यालय लाइब्रेरी के कुल 58 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मदन मोहन शर्मा, प्रवीण गुप्ता, राजीव अग्रवाल, जीके गुप्ता, मधुलिका माथुर, माधुरी शर्मा आदि मौजूद रहे।
