सेंट जॉर्ज्स कॉलेज की वार्षिक मैराथनः टैप्सेल्स हाउस के आर्या विक्रम राणा ने जीती वार्षिक विद्यालय मैराथन

1 min read

मसूरी। सेंट जॉर्ज्स कॉलेज, मसूरी में विद्यार्थियों के बीच शारीरिक स्फूर्ति, सहनशक्ति, अनुशासन और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वार्षिक विद्यालय मैराथन 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के निर्धारित चुनौतीपूर्ण मार्गों पर पूरे जोश, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया तथा अपनी सहनशक्ति और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मैराथन का औपचारिक शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन एस. और उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानस केरकेट्टा ने किया। विद्यार्थियों की आयु एवं कक्षाओं के अनुरूप मैराथन को पांच विभिन्न वर्गों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक वर्ग के लिए निर्धारित मार्ग विद्यार्थियों की क्षमता एवं सहनशक्ति को चुनौती देने के साथ उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किए गए थे।
कक्षा चार वर्ग के विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से बैक फॉक्स हिल और नेपाली बेल तक दौड़ लगाई। इस वर्ग में कलेन्स हाउस के तार्श विष्णु चैधरी ने प्रथम, कलेन्स हाउस के शनविक वर्मा ने द्वितीय तथा मार्टिन्स हाउस के हियान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा पांच एवं छह के सब-जूनियर वर्ग में विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से गॉडविन हाउस होते हुए विद्यालय के टॉप फ्लैट तक दौड़ लगाई। इस वर्ग में गेटलीज हाउस के शनय अग्रवाल ने प्रथम, गेटलीज हाउस के हेरम्ब सिंह ने द्वितीय तथा कलेन्स हाउस के सार्थक सेमल्टी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा सात एवं आठ के जूनियर वर्ग में प्रतिभागियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से जेपी बेंड होते हुए टॉप फ्लैट तक का मार्ग पूरा किया। इस वर्ग में मार्टिन्स हाउस के स्टैंजिन गेड्डुन ने प्रथम, मार्टिन्स हाउस के अथर्व राणा ने द्वितीय तथा गेटलीज हाउस के आरव कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा नौ एवं दस के इंटरमीडिएट वर्ग में विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से किंक्रेग होते हुए टॉप फ्लैट तक का कठिन मार्ग तय किया। इस वर्ग में कलेन्स हाउस के शिवांश मेहता प्रथम, कलेन्स हाउस के नैतिक चोपड़ा द्वितीय तथा गेटलीज हाउस की अनुनय आर्या तृतीय स्थान पर रहीं।
कक्षा 11 एवं 12 के सीनियर वर्ग में विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार से आईटीबीपी गेट होते हुए टॉप फ्लैट तक दौड़ लगाई। इस वर्ग में टैप्सेल्स हाउस के आर्या विक्रम राणा ने प्रथम, गेटलीज हाउस के स्टैंजिन गिग्सडल नामग्याल ने द्वितीय तथा टैप्सेल्स हाउस के ऋषि कुमार सुरेका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वार्षिक विद्यालय मैराथन का सफल आयोजन ब्रदर ब्रिट्टो, सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी, प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन एस. तथा उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानस केरकेट्टा के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया। विद्यालय के खेल विभाग के सदस्यों, शिक्षकों एवं सहायक कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.