चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सामरिक और बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा
1 min read
उत्तरकाशी/देहरादून। मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को जिले के सामरिक और नागरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हवाई पट्टी चिन्यालीसौड़ की वर्तमान व्यवस्थाओं तथा विस्तार योजनाओं के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिये। चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन को गति प्रदान करने के साथदृसाथ आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन एवं वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के अंतर्गत ग्राम मल्ली पहुंचकर श्सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन श् तुल्याडा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं व लखपति दीदीयों से सीधा संवाद कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनके आर्थिक स्वावलंबन तथा सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।
क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं ने अवगत कराया कि श्सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा द्वारा यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना एवं आईएफएडी के वित्तीय व तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने क्लस्टर द्वारा संचालित बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों व अचार निर्माण जैसी बहुआयामी स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत उपस्थित रहे।
