अंकिता भंडारी की चैथी बरसी पर महिला कांग्रेस ने जलाया न्याय का दीप, निकाला कैंडल मार्च
1 min read
देहरादून। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चैथी पुण्यतिथि पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कैंडल मार्च निकाला गया। इससे पूर्व कांग्रेसजन ने अंकिता की स्मृति में ‘न्याय का दीप’ जलाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर ज्योति रौतेला ने कहा कि चार वर्ष बीत जाने के बाद भी अंकिता को पूर्ण न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि अंकिता के मामले में वीवीआईपी एंगल की जांच को लेकर सीबीआई जांच की बात सामने आई है, लेकिन प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि जांच अब तक कहां पहुंची है और इसकी प्रगति के बारे में सरकार एवं संबंधित एजेंसियां स्पष्ट जानकारी कब देंगी।
उन्होंने कहा कि अंकिता द्वारा कथित वीवीआईपी को ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ देने की बात सामने आने के बाद आज भी यह सवाल प्रदेश की जनता के सामने है कि आखिर वह वीवीआईपी कौन था। साथ ही घटना के बाद रातों-रात रिजॉर्ट पर बुलडोजर क्यों चलाया गया, यह सवाल भी आज तक अनुत्तरित है। उन्होंने कहा कि इन सवालों के स्पष्ट जवाब सामने आए बिना अंकिता के परिवार और प्रदेश की जनता के मन में उठ रहे सवाल खत्म नहीं होंगे। ज्योति रौतेला ने कहा, “अंकिता केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की आवाज है। उसकी चैथी बरसी पर हम संकल्प लेते हैं कि जब तक उसके परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता और मामले से जुड़े सभी अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने नहीं आते, महिला कांग्रेस अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।”
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत जी ने अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चार वर्ष का समय बीत जाना अपने आप में बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ इस मामले से जुड़े प्रत्येक सवाल का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जवाब सामने आना चाहिए।
